नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी का आखिरकार इंटरनेशनल डेब्यू हो गया। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर मेंदूसरे टी20 मैच में वैभव को टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। इंटनेशनल डेब्यू करते ही वैभव सूर्यवंशी ने इतिहास रच दिया। वैभव सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं।
वैभव ने 15 साल 99 दिन की उम्र में अपना पहला इंटरनेशनल टी20 मैच खेला। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के पूर्व मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम था। सचिन ने16 साल और 205 दिन की उम्र में कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था।
भारत की तरफ से टी20 इंटरनेशनल खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी 122वें खिलाड़ी हैं। टीम इंडिया के उप कप्तान तिलक वर्मा ने वैभव को डेब्यू कैप दी। भारत की महिला क्रिकेट खिलाड़ियों में सबसे कम उम्र में इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड शेफाली वर्मा के नाम है। शेफाली ने 15 साल और 239 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। इस तरह से वैभव ने इस मामले में शेफाली का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
इंग्लैंड से पहले टीम इंडिया आयरलैंड के दौरे पर थी और वहां दो टी20 मैचों की सीरीज खेली। ऐसी संभावना जताई जा रही थी कि वैभव को आयरलैंड के खिलाफ इंटरनेशनल डेब्यू का मौका मिलेगा मगर दोनों ही मैचों में उनको प्लेइंग इलेवन में नहीं रखा गया।
हालांकि कप्तान श्रेयस अय्यर की इसके काफी आलोचना भी हुई। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में भी वैभव टीम से बाहर रहे। अब दूसरे मैच में संजू सैमसन की जगह वैभव को टीम में शामिल किया गया है।
मैनचेस्टर के मैदान में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। सभी की निगाहें सबसे कम उम्र के भारतीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर थीं। सलामी बल्लेबाज के रूप में बैटिंग करने उतरे वैभव सूर्यवंशी 10 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि उन्होंने दो छक्के भी लगाए। इंग्लैंड के बॉलर विल जैक्स ने वैभव विकेट लिया। वहीं अभिषेक शर्मा 8 चौके और एक छक्के की बदौलत 24 गेंद में 43 रन बनाकर आउट हुए।
