जापान में 7.1 तीव्रता के भूकंप, कई लोगों की मौत की आशंका

नई दिल्ली। जापान में मंगलवार को आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कुछ घंटों बाद कुमामोटो क्षेत्र के काशिमा टाउन स्थित एओन मॉल कुमामोटो में तेज धमाका होने की खबर सामने आई। मॉल में कार्यरत एक रिटेलर के एक बयान के अनुसार, मॉल से कुछ ग्राहकों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन कई लोग अभी भी फंसे हुए हैं और उनके मारे जाने की आशंका है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, राहत और बचाव अभियान जारी है।

समाचार एजेंसी एनएचके ने अग्निशमन अधिकारियों के हवाले से बताया कि विस्फोट के कारण शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा ढह गया। अग्निशमन विभाग ने भी पुष्टि की कि काशिमा शहर में एक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दूसरी मंजिल गिरने के बाद कई लोग अंदर फंस गए हैं।

इससे पहले पुलिस को कुमामोटो क्षेत्र स्थित एयॉन मॉल आउटलेट से विस्फोट जैसी तेज आवाज आने की सूचना मिली थी। घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया गया।

इस घटना से पहले मंगलवार को जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में 7.1 तीव्रता का जोरदार भूकंप आया था। जापान की मौसम एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र क्यूशू द्वीप पर कुमामोटो प्रान्त के पास था। भूकंप की गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई गई, जिससे इसके झटके काफी तेज महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र टोक्यो से लगभग 900 किलोमीटर दूर था।

फिलहाल मॉल में हुए धमाके और भूकंप के बीच संभावित संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राहत एवं बचाव दल मलबे में फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं। अधिकारियों की ओर से घटना में हताहतों की संख्या को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *