पीएम मोदी ने सेशेल्स में कछुए ‘जोनाथन’ को पत्तियां खिलाई

विक्टोरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन दिवसीय सेशेल्स दौरे के दौरान शनिवार को सेशेल्स नेशनल बॉटनिकल गार्डन पहुंचे, जहां उन्होंने दुनिया के सबसे बुजुर्ग जीवित स्थलीय जीव माने जाने वाले 194 वर्षीय अल्डाब्रा जायंट कछुए ‘जोनाथन’ से मुलाकात की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने जोनाथन और अन्य विशाल कछुओं को अपने हाथों से पत्तियां खिलाईं। उनके साथ सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि अल्डाब्रा जायंट टॉर्टोइज सेशेल्स की पहचान हैं और दुनिया की सबसे बड़ी तथा सबसे लंबे समय तक जीवित रहने वाली कछुआ प्रजातियों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इनका भारत और सेशेल्स की मित्रता से भी विशेष संबंध है। वर्ष 2014 में सेशेल्स ने दो विशाल कछुए कोलकाता के अलीपुर चिड़ियाघर को उपहार स्वरूप दिए थे। इसके बाद हैदराबाद चिड़ियाघर को भी ऐसे कछुए भेंट किए गए।

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी ने संयुक्त रूप से ‘कोको डी मेर’ का पौधा भी लगाया। यह दुर्लभ वृक्ष सेशेल्स का राष्ट्रीय गौरव माना जाता है और देश के कोट ऑफ आर्म्स पर भी अंकित है। इसके बीज दुनिया के सबसे बड़े और फल सबसे भारी माने जाते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और सेशेल्स जैव विविधता संरक्षण तथा पर्यावरण सुरक्षा के साझा संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

करीब 1.20 लाख की आबादी वाले सेशेल्स में लगभग हर आठवां नागरिक भारतीय मूल का है। देश के राष्ट्रपति वेवेल रामकलावन के पूर्वज भी बिहार के गोपालगंज से थे। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *