Uncategorized

दिल्ली में पड़ रही कड़ाके की ठंड, न्यूनतम पारा 2.4 डिग्री पर पहुंचा





नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की सर्दी और शीतलहर की चपेट में है। दिल्ली में लगातार लुढ़कते पारे के साथ कंपकंपाने वाली ठंड पड़ रही है। राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 2.4 डिग्री पर पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, 118 साल में ये दूसरा दिसंबर है, जब दिल्ली में इतनी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 1901 के बाद 2019 का दिसंबर का महीना सबसे सर्द महीना साबित हुआ और अब आज दिल्ली की ठंड ने नया रिकॉर्ड बना दिया है।

विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में पारा इससे भी नीचे जा सकता है। इसके कारण ठंड ज्यादा बढ़ सकती है। साथ ही मौसम विभाग के जरिए बारिश का अनुमान भी लगाया गया है। 31 दिसंबर और 1 जनवरी को बारिश हो सकती है। शुक्रवार को राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया था। यहां पारा 4.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था।

शनिवार को दर्ज किए गए तापमान ने इसका भी रिकॉर्ड तोड़ दिया। आज (शनिवार) सुबह तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में दिल्ली में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। विभाग ने लोगों से सावधान रहने को कहा है।

Share With