breaking news

झारखंड में बोले पीएम मोदी- कांग्रेस कभी भी गठबंधन के भरोसे पर खरी नहीं उतरी…





हजारीबाग। झारखंड के बरही में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में हुए उपचुनाव में भाजपा की जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की सच्चाई को झारखंड के लोगों को भी याद रखना है। कांग्रेस कभी भी गठबंधन के भरोसे पर खरी नहीं उतरी है। ये अपने मतलब के लिए गठबंधन और जनादेश का उपयोग करती है। फिर अपने हित के लिए अपने सहयोगियों को कठपुतली की तरह उपयोग करती है।

पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक के लोगों ने कांग्रेस और उसके साथियों की सरकार के दौरान भ्रष्टाचार और विकास के साथ लापरवाही देखी थी। इसलिए उन्होंने भाजपा को वोट दिया है। कर्नाटक के लोगों ने ये सुनिश्चित कर दिया है कि कांग्रेस या जेडीएस वहां के लोगों से साथ विश्वासघात नहीं कर पाएंगे। ये देश के तमाम राज्यों के लिए संदेश है कि कोई जनादेश के खिलाफ जाएगा, जनता को धोखा देगा, तो पहला मौका मिलते ही जनता उसे पूरी सजा देगी।

कर्नाटक उपचुनाव में भाजपा की जीत को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि जनता ने चुनाव में भाजपा को सरकार बनाने के लिए बहुमत दिया था, लेकिन कांग्रेस ने पर्दे के पीछे से खेल करके भाजपा को सरकार बनाने नहीं दी थी। लेकिन आज जनता ने उन्हें सजा दी है, ज्यादातर सीटों पर भाजपा जीत हासिल कर रही है या तेजी से आगे बढ़ रही है। मैं स्थिरता और विकास के लिए भाजपा पर एक बार फिर विश्वास जताने के लिए कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त करता हूं।

Share With