Uncategorized

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव: भाजपा ने जारी की 125 उम्मीदवारों की सूची





मुंबई। महाराष्ट्र में बीजेपी और शिवसेना ने सीट बंटवारे के औपचारिक ऐलान से पहले ही अपने अधिकांश उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है। बीजेपी ने सीट बंटवारे को लेकर चली रस्साकशी और जद्दोजहद के बीच गुरुवार को 125 उम्मीदवारों का ऐलान किया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस नागपुर साउथ वेस्ट विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे।

इस बीच, शिवसेना ने भी 124 सीटों पर अपनी दावेदारी ठोक दी है और अभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। बीजेपी ने पहली लिस्ट तो जारी कर दी है, लेकिन बाकी बची सीटों पर गठबंधन का फॉर्म्युला क्या है, अभी तक इस पर सस्पेंस बना हुआ है। बता दें कि महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 सीटें हैं।

दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर पहली लिस्ट जारी करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने कहा, ‘बीजेपी, शिवसेना और चार सहयोगी आरएसपी, आरपीआई (आठवले), शिव संग्राम और रैयत क्रांति पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन की तीन चौथाई बहुमत के साथ पुनः सरकार बनना तय है।

125 विधानसभाओं के प्रत्याशी तय हो गए हैं। इसकी सूची हम जारी कर रहे हैं। 12 विधानसभा के प्रत्याशी बदले गए हैं। सिटिंग 52 विधायकों को टिकट दिया है। इसमें 12 महिलाएं शामिल हैं।’ 288 सदस्यों वाली महाराष्ट्र विधानसभा के लिए 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 24 अक्टूबर को घोषित होंगे।

Share With