Uncategorized

दिल्ली में मोदी सरकार के खिलाफ कांग्रेस की ‘भारत बचाओ’ रैली, देशभर से पहुंचें कांग्रेस कार्यकर्ता





नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस की दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘भारत बचाओ’ रैली शुरू हो गई है। रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमें देश बचाना है। सरकार की गलत नीतियों की वजह से देश में समानता का अधिकार नही बचा। देश की अर्थव्यवस्था खराब दौर में गुजर रही है। भाजपा के 6 साल के शासन में बेरोज़गार बढ़ी है।

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने रैली को संबोधित करते हुए केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने पूर्वोत्तर को आग में झोंक दिया है। उन्होंने कहा कि यह आग नागरिकता संशोधन कानून के जरिए लगाई गई है।

गौरव गोगोई ने कहा कि हम अमन और विकास चाहते हैं, राजनीति नहीं। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार नागरिकता संशोधन बिल इसलिए लेकर आई, ताकि वह लोगों का ध्यान गिरती अर्थव्यवस्था से भटका सके। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने असम समझौते का अपमान किया है।

कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की हालत खस्ता है। उन्होंने कहा कि लाखों लोगों की नौकरियां जा चुकी है। दुकान और फैक्ट्रियां बंद हो रही है। गांवों में लोगों को काम नहीं मिल रहा है। हर तरह से देश मुश्किल में है। हर दिन बुरी खबर सुनने को मिलती है। पिछले कुछ महीनों में केंद्र की मोदी सरकार ने अर्थव्यस्था को गर्त में पहुंचा दिया है।

सोनिया गांधी के पार्टी का अंतरिम अध्यक्ष बनने के बाद यह पहला मौका है, जब कांग्रेस मेगा रैली का आयोजन करने जा रही है। हालांकि, इसका मकसद कांग्रेस पार्टी में टीम राहुल की ताकत का प्रदर्शन करना भी है। पहले यह रैली 30 नवंबर को होने वाली थी, मगर बाद में संसद के शीतकालीन सत्र के मद्देनजर इसका समय 14 दिसंबर तय किया गया।

Share With