Uncategorized

भगवा वस्त्र को लेकर प्रियंका गांधी के बयान पर सीएम योगी का पलटवार





लखनऊ। भगवा वस्त्र को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान पर करारा पलटवार करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) का विरोध कर बेनकाब हुये लोगों को समझ लेना चाहिए कि यह कानून धार्मिक बर्बरता से कराहती मानवता के घावों पर संजीवनी लेप लगायेगा।

योगी ने ट्वीट कर कहा – सीएए पाकिस्तान,बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक बर्बरता के प्रहार से कराहती मानवता के घावों पर संजीवनी लेप एवं शरणागत के प्रति प्रभु श्री राम की उदारता का अनुगमन एवं पीड़ति समुदायों को सम्मानित जीवन देने का मार्ग है। प्रधानमंत्री को इसके लिये धन्यवाद।

सीएए को लेकर कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुये श्री योगी ने लिखा ‘‘नागरिकता संशोधन कानून के बारे में झूठ और भ्रम पैदा कर अशांति फैलाने वाले बेनकाब हो गए हैं। वोट बैंक की राजनीति के लिए एक समुदाय में यह दुष्प्रचार किया जा रहा है कि यह उनसे देश की नागरिकता छीन लेने का कानून है लेकिन सभी अब सचेत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा – नागरिकता संशोधन कानून देश की सुरक्षा के लिए उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम है। यह कानून किसी व्यक्ति, जाति, मत, मजहब के खिलाफ नहीं है, बल्कि यह भारत के हित में भारत के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा प्रदान करने के लिए है।

प्रियंका गांधी ने लगाए थे ये आरोप
इससे पहले प्रियंका गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस कर योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि, ‘मुख्यमंत्री ने बदला लेने का जो बयान दिया, उसी पर पुलिस क़ायम है। ये इतिहास में पहली बार हुआ जब मुख्यमंत्री ने बदला लेने की बात कही है। कृष्ण भगवान का वेश है, भगवान राम करुणा के प्रतीक हैं, शिव जी की बारात में सब नाचते हैं। इस देश में बदले की कोई परंपरा नहीं है। श्री कृष्ण ने अपने प्रवचन में कभी बदले की बात नहीं की।

प्रियंका गांधी ने कहा कि हमने राज्यपाल को एक चिट्ठी सौंपी है, हमने कहा है कि प्रदेश सरकार ने पुलिस की तरफ से अराजकता फ़ैलाने का काम किया है। योगी आदित्यनाथ के बयान को लेकर प्रियंका ने कहा कि “योगी कहते हैं कि वो जनता से बदला लेंगे। पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने ऐसा बयान दिया।

Share With