breaking news

उन्नाव रेप पीड़िता की मौत पर सीएम योगी ने जताया दुख, कहा- अपराधियों को कड़ी सजा दिलायी जायेगी





लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव पीड़िता की मौत को अत्यन्त दु:खद बताते हुये कहा कि अपराधियों को कड़ी सजा दिलायी जायेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह घटना बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। बालिका की मौत अत्यंत दुखद है। सीएम योगी ने परिवार के प्रति भी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि सभी अपराधी पुलिस के द्वारा गिरफ्तार किए जा चुके हैं। मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में ले जाकर कड़ी सजा दिलाई जाए।

उधर, पीड़िता की मौत के बाद पिता ने कहा कि उनकी बेटी के गुनहगारों को वही सजा मिले जो हैदराबाद में आरोपियों को मिली थी। उन्होंने कहा, आरोपियों की गिरफ्तारी से क्या होगा। यह तो वैसा ही जैसे जानवरों को जेल में बंद कर दिया गया हो। मेरी मांग तो यह है कि उन्हें फांसी दी जाए या तो एनकाउंटर कर दिया जाए। इसके अलावा मुझे कोई और रास्ता नहीं दिख रहा।’

भाजपा ही आरोपी
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, ‘‘ये उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार कार्यकाल में पहली घटना नहीं है। याद करिए वो समय जब एक बेटी मुख्यमंत्री आवास के सामने न्याय मांग रही थी, उसे न्याय नहीं मिला तो उसने आत्मदाह की कोशिश की। उन्नाव की एक बेटी ने तो अपना पूरा परिवार खो दिया। कौन था आरोपी। भाजपा के नेता। उन्नाव की इस घटना के लिए कौन दोषी है। इसके लिए भाजपा ही जिम्मेदार है। जो लोग आरोपी हैं, वो भी भाजपा से ही जुड़े हैं। उस बेटी का जब पूरा शरीर जला तो वो भागी। मदद की गुहार के साथ। क्या आज के समय में ऐसी घटना होगी कि कोई जिंदा जला देगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और डीजीपी के हटे बिना कानून व्यवस्था लागू नहीं हो सकती।’’

Share With