Uncategorized

छत्तीसगढ़: नगरीय निकाय चुनाव का हुआ ऐलान, 21 दिसंबर को मतदान, 24 दिसंबर को आएंगे परिणाम





रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव की तारीखों का आज ऐलान हो गया है. छत्तीसगढ़ में आज से आचार संहिता लागू हो गयी है। पूरे प्रदेश में नगर निगम, नगर पालिक निगम और नगर पंचायतों के लिए 21 दिसंबर को मतदान होगा।

वहीं नामांकन की प्रक्रिया 30 नवंबर से शुरू हो जाएगी। 6 दिसंबर नामांकन की आखिरी तारीख होगी। 9 दिसंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 21 दिसंबर को मतदान किया जाएगा। जबकि 24 दिसंबर को मतगणना की जाएगी। एक ही चरण में मतदान किया जाएगा। नक्सल प्रभावित जिले दंतेवाड़ा, कोंडागांव, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर और सुकमा में मतदान सुबह 7 से 3 बजे तक होगा। मैदानी इलाके में चुनाव सुबह 8 से 5 बजे तक होगा।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ठाकुर राम सिंह ने कहा है कि इस बार आयोग ने कई नये प्रयोग किये हैं। उन्होंने कहा कि पहली बार राज्य में नगरीय निकाय चुनाव में प्रत्याशी आनलाइन नामांकन फार्म भर सकेंगे। आयुक्त ने कहा है कि चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गयी है। प्रशासनिक स्तर पर आयोग ने कई दफा समीक्षा की है और पूरा यकीन है कि चुनाव निर्विरोध संपन्न होगा।

बता दें कि प्रदेश में कुल 10 नगर निगम, 38 नगर पालिका और 103 नगर पंचायत है। इसके लिए आरक्षण की प्रक्रिया हो गई है। पिछले दिनों प्रदेश की 13 नगर निगम में अनुसूचित जाति के लिए 2 निगमों को आरक्षित किया गया है। इनमें से 1 महिला के लिए आरक्षित है। अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 3 निगम आरक्षित हैं, इनमें से 1 महिला के लिए आरक्षित है। अनुसूचित जनजाति के लिए 1 निगम आरक्षित होगा।

Share With