Uncategorized

आईएस के सरगना बगदादी की बहन गिरफ्तार





नई दिल्ली। तुर्की के अधिकारियों ने आईएस के सरगना रहे अबु बकर अल-बगदादी की बड़ी बहन रसमिया अवाद (65) को परिवार समेत उत्तरी सीरिया से हिरासत में ले लिया है। तुर्की के वरिष्ठ अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी मिली है। न्यूयॉर्क टाइम्स के अनुसार अबू बकर बगदादी की बड़ी बहन रासमिया (65) को सोमवार शाम को उत्तरी सीरिया में अलेप्पो प्रांत के अजाज शहर से गिरफ्तार किया है। जहां वह पति और अन्य रिश्तेदारों के साथ रहती थीं।

अधिकारियों ने बताया, छापे के दौरान बगदादी की बहन एक कंटेनर में छुपी बैठी थी। सूत्रों के अनुसार बगदादी की बहन को आतंकवादी संगठन से जुड़ा हुआ माना जाता है। उसकी गिरफ्तारी से महत्वपूर्ण खुफिया जानकारी मिलने की संभावना है।

गौरतलब है कि गत सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बगदादी को अमेरिकी जवानों द्वारा विशेष अभियान के दौरान सीरिया में मारे जाने घोषणा की थी। अमेरिकी नेता के अनुसार आईएस प्रमुख पर पेंटागन काफी समय से पैनी नजरें रखे हुए था और उसके मारे जानी की पुख्ता खबरे हैं। बाद में रूसी रक्षा मंत्री के प्रवक्ता ईगोर कोनशेंकोव ने कहा कि रूस के पास इसकी विश्वसनीय जानकारी नहीं है कि अमेरिकी सेना ने बगदादी के खिलाफ ऑपरेशन ‘डिस्ट्रॉय’ चलाया था।

Share With