Uncategorized

कांग्रेस पर जमकर बरसे अमित शाह, कहा- टुकड़े-टुकड़े गैंग ने दिल्ली को अशांत किया





नई दिल्ली। आने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच एक-दूसरे पर आरोप लगाने का काम शुरू हो गया है। गुरुवार को दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में देश के गृह मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ-साथ कांग्रेस पर जमकर बरसे।

उन्होंने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबको कार्य संस्कृति का पालन करने के लिए मजबूर किया है मगर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ऐसे हैं, जो नई-नई चीज करते रहते हैं। उन्होंने नई शुरुआत की, भाई सोचना भी क्यूं, बजट भी क्यूं देना, किसी के करे कराए पर अपने नाम का ठप्पा लगा देना।

शाह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को दिल्ली का मुख्यमंत्री बने करीब 60 महीने होने को आए हैं, आज से पहले ये सारे वादे पूरे क्यों नहीं किए। उन्होंने कहा कि अभी भी ये वादे पूरे नहीं होने वाले हैं, सिर्फ विज्ञापन देकर ये लोगों को झांसा दे रहे हैं। इन्होंने जीवन में सिर्फ विरोध करने और धरना देने का काम किया है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि नागरिकता कानून बिल पर संसद के अंदर चर्चा हुई, लेकिन इस पर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं था। सभी इधर-उधर की बातें करते रहे। कानून बनते ही पूरा विपक्ष इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने में जुट गया। भ्रम फैलाने की वजह से हिंसा हुई। शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व में टुकड़े-टुकड़े गैंग ने दिल्ली में अशांति फैलाने का काम किया। इसलिए उसे दंड देने का वक्त आ गया है। उन्होंने दिल्ली की जनता से इन्हें दंडित करने को कहा।

बता दें कि चुनाव आयोग ने दिल्ली में विधानसभा चुनाव कराने की कवायद शुरू कर दी है। चुनाव की तैयारियों के लिए गुरुवार से बैठकों का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली में वर्ष 2020 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चुनाव आयोग की इस पहली समीक्षा बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा दोनों चुनाव आयुक्त अशोक लवासा, सुशील चंद्रा और दिल्ली के चुनाव अधिकारी शामिल हुए। समझा जा रहा है कि नए साल के पहले हफ्ते में चुनाव आयोग दिल्ली विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर सकता है।

Share With