Main Slider

गुवाहाटी में बोले राहुल गांधी- जहां भी भाजपा जाती है, वह नफरत फैलाती है…





गुवाहाटी। कांग्रेस स्थापना दिवस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने असम के गुवाहाटी में रैली की। इस दौरान राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर हमला बोला। रैली में राहुल गांधी ने कहा, नफरत और गुस्से से असम आगे नहीं बढ़ेगा। खुशी और दुख में मैं आपके साथ खड़ा हूं। बीजेपी युवाओं को मारना चाहती है। बीजेपी हमारी संस्कृति और इतिहास पर हमला कर रही है। आज भारत में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। पीएम मोदी का काम नफरत फैलाने वाला और देश को बांटने वाला है।

साथ ही उन्होंने कहा कि असम को नागपुर नहीं चलाएगा, असम को RSS की चड्ढी वाले नहीं चलाएंगे। असम को असम की जनता चलाएगी। राहुल गांधी ने कहा, ‘यह सब माहौल क्यों है? मैं बताता हूं, इसलिए कि इनका (बीजेपी सरकार) लक्ष्य है कि असम की जनता को लड़ाओ, हिंदुस्तान की जनता को लड़ाओ। ये जहां भी जाते हैं वहां सिर्फ नफरत ही फैलाते हैं। लेकिन असम नफरत से आगे नहीं बढ़ेगा। गुस्से से आगे नहीं बढ़ेगा। यह प्यार से आगे बढ़ेगा।

केंद्र पर हमला बोलते हुए राहुल ने कहा, ‘पीएम मोदी ने नोटबंदी, जीएसटी को लाकर अर्थव्यवस्था को नष्ट कर दिया। भारत माता को चोट पहुंचाई। उनका काम सिर्फ नफरत फैलाना है। पीएम मोदी बताएं कितने लोगों को रोजगार दिया। हमारे युवा भटक रहे हैं। अब असम में युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। पूरे देश में यही माहौल। उन्हें गोली मारी जा रही है। जनता की आवाज को बीजेपी सुनना नहीं चाहती। आपकी आवाज से डरते हैं, कुचलना चाहते हैं। युवाओं को मारना चाहते हैं।

इससे पहले राहुल ने एक वीडियो ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने असम में बने डिटेंशन सेंटर की तस्वीरें पोस्ट की थीं। भाजपा की तरफ से उन्हें झूठा बताने पर राहुल गांधी ने कहा, मैंने एक वीडियो ट्वीट किया था, जिसमें नरेंद्र मोदी कह रहे थे कि देश में कोई डिटेंशन सेंटर नहीं है। इसी वीडियो में आप डिटेंशन सेंटर की तस्वीरें देख सकते हैं। अब तय कीजिए कि झूठ कौन बोल रहा है।

Share With