Main Slider

झारखण्ड विधानसभा चुनाव: कांग्रेस-जेएमएम को मिला पूर्ण बहुमत, सोरेन बनेंगे मुख्यमंत्री





रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव के रुझानों में झामुमो-कांग्रेस गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। महागठबंधन के सीएम कैंडिडेट हेमंत सोरेन पिता शिबू सोरेन से मिलने पहुंचे और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में हेमंत सोरेन ने कहा कि यह परिणाम पिता शिबू सोरेन के समर्पण और परिश्रम का नतीजा हैं। आज जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के संकल्प का दिन है।

81 विधानसभा सीटों वाली विधानसभा में बहुमत के लिए 41 का आंकड़ा चाहिए और महागठबंधन को 43 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही है। सत्ताधारी भाजपा 28 सीटों पर आगे है। मौजूदा मुख्यमंत्री रघुवर दास जमशेदपुर पूर्व सीट पर पीछे चल रहे हैं। 24 साल से वे इस सीट पर जीतते आए हैं। रघुवर की कैबिनेट के 10 में से 6 मंत्री भी पीछे चल रहे हैं। हेमंत सोरेन दुमका और बरहेट दोनों सीटों पर आगे चल रहे हैं।

मतगणना के अब तक के रुझानों से स्‍पष्‍ट है कि कांग्रेस को राज्‍य के सबसे युवा मुख्‍यमंत्री रह चुके हेमंत सोरेन पर भरोसा करना फायदे का सौदा साबित हुआ। कांग्रेस ने अक्‍टूबर में सीटों के बंटवारे को लेकर हुई बातचीत में जेएमएम को राज्‍य में बड़े भाई के तौर पर स्‍वीकार कर लिया था।

कांग्रेस ने स्‍पष्‍ट कर दिया था कि जेएमएम के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर स्वीकार करने में पार्टी को कोई परेशानी नहीं है। कांग्रेस की तरफ से इस बात के संकेत झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू ने दिए थे। साहू ने साफ कर दिया था कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहले ही इस बारे में हेमंत सोरेन को आश्वासन दे दिया है।

Share With