Main Slider

नागरिकता कानून: दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शन, 3 मेट्रो स्टेशन बंद





नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ दिल्ली की जामा मस्जिद के बाहर हजारों लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। ऐहतियातन यहां पर भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है और ड्रोन से भीड़ की निगरानी की जा रही है। यहां से भीम आर्मी मार्च निकालने की तैयारी में है, जो जंतर-मंतर तक जाएगा।

भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद जामा मस्जिद के बाहर प्रदर्शनकारियों के साथ मौजूद हैं। पुलिस ने भीम आर्मी को मार्च की इजाजत नहीं दी है। इसके बाद भी जामा मस्जिद के बाहर मुस्लिम समुदाय के लोग CAA के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। इस दौरान चंद्रशेखर ने यहां पर संविधान की तस्वीर लहराई।

चावड़ी बाजार, लाल किला और जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के गेट बंद कर दिए गए हैं। यहां नागरिकता संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रदर्शन के चलते ये एक्शन लिया गया है। द्वारका और नजफगढ़ में धारा 144 लागू की गई है।

गुरुवार को हुई हिंसा के बाद गुजरात में 8 हजार लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। उत्तर प्रदेश में 20 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद है। दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और मध्य प्रदेश में धारा 144 लागू कर दी गई है। केरल के 4 जिलों में हाईअलर्ट जारी किया गया है।

Share With