breaking news

पीएम मोदी ने दी देशवासियों को नवरात्रि के पावन पर्व की शुभकामनाएं





नई दिल्ली। पीएम मोदी अपने दूसरे कार्यकाल में आज चौथी बार मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों को संबोधित किया। अपने संबोधन के शुरुआत में उन्होने स्वर कोकिला लता मंगेशकर को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि, आज की मन की बात में देश की महान शख्सियत की बात करूंगा। हम सभी हिंदुस्तान वासियों को उनके प्रति बहुत सम्मान है और लगाव है।

वो उम्र में हम सभी से बहुत बड़ी हैं, हम उन्हें लता दीदी कहते हैं। लता दीदी 28 सितंबर को 90 वर्ष की हो रही हैं। लता दीदी आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, अग्रिम बधाई दे दूं। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहे आपका आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे, बस यही प्रार्थना और आपको प्रणाम करने के लिए मैंने अमेरिका जाने से पहले ही आपको फोन किया।

पीएम मोदी ने नवरात्रि और आने वाले त्यौहारों को लेकर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, हम सभी नवरात्रि महोत्सव, गरबा, दुर्गापूजा, दशहरा, दीवाली, भैया-दूज, छठ पूजा, अनगिनत त्यौहार मनाएंगे। आप सभी को आने वाले त्यौहारों की ढेर सारी शुभकानाएं।

पीएम मोदी एक दिन पहले ही 28 सितंबर को अमेरिका की सात दिनों की यात्रा से स्वदेश लौटे हैं। मोदी ने इस मौके पर कहा कि बेटियों के सम्मान के लिए इस दीपावली के मौके पर देशभर में सम्मान अभियान चलाया जाए। ‘सेल्फी विद डॉटर’ की तरह ‘भारत की लक्ष्मी’ अभियान चलाया जाए। 2 अक्टूबर को हम बापू की 150वीं जयंती मनाएंगे तो हम उन्हें न केवल शौच से मुक्त भारत समर्पित करेंगे बल्कि उस दिन पूरे देश में प्लास्टिक के खिलाफ एक नए जन आंदोलन की नींव रखेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में तंबाकू का जिक्र करते हुए लोगों से नशे से दूर रहने की अपील की है। पीएम मोदी ने कहा कि तंबाकू कई जानलेवा बीमारियों को जन्म देता है। तंबाकू से दिमाग का विकास प्रभावित होता है, सेहत के लिए हानिकारक है इसलिए इससे बचने की कोशिश करनी चाहिए।

पीएम मोदी ने कहा कि हाल ही में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध लगाया गया है क्योंकि इसमें भी नुकसानदायक केमिकल होते हैं और लोगों को इस बात की जानकारी नहीं है। पीएम मोदी ने युवाओं से ई-सिगरेट से दूर रहने का आग्रह किया। पीएम मोदी ने कहा कि ई-सिगरेट के बारे में गलत धारणा पैदा की गई है कि इससे कोई खतरा नहीं है। जबकि सामान्य सिगरेट से अलग ई-सिगरेट में निकोटिन युक्त तरल पदार्थ को गर्म करने से एक प्रकार का केमिकल युक्त धुंआ बनता है जो सेहत के लिए हानिकारक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों को त्योहारों की बधाई देते हुए कहा कि हम सभी नवरात्रि महोत्सव, गरबा, दुर्गापूजा, दशहरा, दीवाली, भैया-दूज, छठ पूजा, अनगिनत त्योहार मनाएंगे। सभी को आने वाले त्योहारों की ढेर सारी शुभकानाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि त्योहारों में घर खुशियों से भरे होंगे लेकिन आपने देखा होगा कि हमारे आस-पास भी बहुत सारे ऐसे लोग हैं जो इन त्योहारों की खुशियों से वंचित रह जाते हैं इसी को तो कहते हैं ‘चिराग तले अंधेरा’।

पीएम मोदी ने कहा कि एक तरफ कुछ घर रोशनी से जगमगाते हैं, तो वहीं दूसरी तरफ, उसी के सामने कुछ लोगों के घरों में अंधेरा छाया होता है। कुछ घरों में मिठाइयां खराब हो रही होती हैं तो कुछ घरों में बच्चे मिठाई के लिए तरसते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि क्या इस बार, त्योहारों के इस सीजन में, पूरी जागरुकता और संकल्प के साथ इस चिराग तले अंधेरे को मिटा सकते हैं?

Share With