breaking news

हरियाणा के महेंद्रगढ़ में बोले पीएम मोदी- एक ओर जांचा-परखा मोदी, दूसरी ओर कौन, अता-पता ही नहीं





नई दिल्ली। हरियाणा में लोकसभा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महेंद्रगढ़ में जनसभा को संबोधित किया। पीएम ने अपने भाषण के शुरुआत में राम-राम भाई सारे से की। उन्होंने बुद्ध पूर्णिमा की देशवासियों को शुभकामनाएं दी। इंडी गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, एक ओर आपका जांचा-परखा सेवक मोदी है और दूसरी ओर कौन है, कोई अता-पता ही नहीं है।

इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि देश की जनता इंडी जमात के इरादे पहले ही भांप चुकी है। इसलिए इनका ये हाल हुआ है। 5 चरणों में ही इंडी जमात का ढोल फट गया है। आपने देखा होगा कि तीसरे चरण के बाद इन्होंने रोना-धोना शुरू कर दिया। ये लोग एससी-एसटी और ओबीसी को संविधान द्वारा दिए गए आरक्षण को छीनकर वोट जिहाद करने वाले लोगों को देना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि आपने बीते कल टीवी, सोशल मीडिया पर देखा होगा कि बंगाल की हाईकोर्ट का फैसला आया। बंगाल में इंडी जमात का एससी, एसटी, ओबीसी आरक्षण के खिलाफ जो उनका षडयंत्र है, उसका भंडा फूट गया है। बंगाल में इन लोगों ने मुसलमानों को रातों-रात ओबीसी के सर्टिफिकेट दे दिए। जो आरक्षण ओबीसी को मिलना चाहिए वो सारा का सारा मुसलमानों को और वो भी घुसपैठियों में बांटा जा रहा था।

पीएम मोदी ने कहा कि हाईकोर्ट ने बंगाल में पिछले 10-12 साल में मुसलमानों को सारे ओबीसी सर्टिफिकेट रद्द कर दिए। अब आप देखिए कोर्ट न होती तो क्या होता। ये पिछड़े समाज के लोग करते क्या। ये मेरे दलित भाई-बहन क्या करते। लेकिन आप इंडी जमात वालों की मानसिकता देखिए कि बंगाल की सीएम ने कह दिया है कि वो हाईकोर्ट का फैसला नहीं मानेंगी और मुसलमानों को ओबीसी का आरक्षण देकर मानेंगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पीएम आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ से ज्यादा पक्के घर बनाकर गरीबों को दे चुकी है। साथ ही जिन्हें अब तक पक्के घर नहीं मिले हैं, उनके लिए मोदी की गारंटी है कि तीसरे कार्यकाल में हर गरीब को पक्का घर जरूर मिलेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि हरियाणा में राम-राम के बिना कोई काम नहीं होता। लेकिन कांग्रेस का बस चले तो ये हरियाणा में राम का नाम लेने वालों को ये गिरफ्तार कर लें। कांग्रेस पूरे देश से ही राम को हटाना चाहती है। कांग्रेस जब तक सत्ता में रही, उसने राम मंदिर नहीं बनने दिया। कांग्रेस ने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा तक का बहिष्कार कर दिया। अब तो शहजादे के सलाहकार ने एक ओर बड़ा खुलासा किया है कि अब कांग्रेस अगर सत्ता में आई, तो ये राम मंदिर पर ताला लगाने की फिराक में है। कांग्रेस हमारी आस्था का ही नहीं, हमारे तिरंगे का भी अपमान करती है। 70 साल तक कश्मीर में तिरंगा किसने नहीं फहरने दिया?

पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के विश्वासघात का भुक्तभोगी तो हरियाणा का किसान भी रहा है। यहां कांग्रेस ने किसानों के लिए सिंचाई के पानी तक का भी इंतजाम नहीं किया। हम नहरों को जोड़कर यहां तक पानी पहुंचा रहे हैं। हमारी सरकार हरियाणा में 14 फसलों को एमएसपी पर खरीद रही है। बीते 10 वर्षों में हमने कांग्रेस के पाप धोने में बहुत मेहनत की है। आज हरियाणा में आधुनिक हाइवे और एक्सप्रेस वे बन रहे हैं। अब न दिल्ली दूर है और न ही चंडीगढ़ दूर है।

Share With