breaking news

प्रदर्शनकारी पहलवानों का बड़ा ऐलान- गंगा में प्रवाहित करेंगे अपना मेडल, इंडिया गेट पर करेंगे आमरण अनशन





नई दिल्ली। भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने बड़ा ऐलान किया है। धरने पर बैठे पहलवान अपने मेडल गंगा में बहाएंगे। पहलवान आज शाम 6 बजे हरिद्वार में अपने मेडल प्रवाहित करेंगे। पहलवानों ने कहा गंगा नदी मेडल रखने के लिए सबसे पवित्र जगह है। इसकी जानकारी बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट ने अपने ट्विटर हैंडल के जरिए दी है।

इसके साथ ही पहलवानों ने अब इंडिया गेट पर धरना देने का ऐलान किया है। पहलवानों ने अपने बयान में कहा है कि हम अपने मेडलों को गंगा नदी में प्रवाहित करने जा रहे हैं, क्योंकि वह गंगा मां हैं, हम जितना पवित्र गंगा मां को मानते हैं, उतनी ही पवित्रता से हमने इन मेडलों को जीता है। इसके साथ ही पहलवानों ने कहा कि 28 मई के दिन जो कुछ हुआ वो सभी ने देखा है। पुलिस ने हमारे साथ कैसा व्यवहार किया? हम शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे थे, लेकिन हमें बर्बरता से गिरफ्तार किया गया।

प्रदर्शनकारी पहलवानों ने कहा कि पुलिस ने हमारे आंदलोन की जगह को भी हमसे छीन लिया। उन्होंने अगले दिन गंभीर मामलों में हमारे खिलाफ ही एफआईआर दर्ज कर ली। क्या महिला पहलवानों ने अपने साथ हुए यौन उत्पीड़न के लिए न्याय मांग कोई अपराध किया है? पुलिस और शासन हमारे साथ अपराधियों जैसा सलूक कर रहा है। खुली सभाओं में हमारे ऊपर फबतियां कसी जा रही है।

पहलावानों ने आगे कहा कि मेडल हमारी जान और आत्मा हैं। इनके गंगा नदी में प्रवाहित हो जाने के बाद हमारे जीने का भी कोई मतलब नहीं रह जाता है। इसलिए हम अब इंडिया गेट पर आमरण अनशन पर बैठेंगे। इंडिया गेट हमारे देश उन वीर शहीद जवानों की जगह है, जिन्होंने मातृभूमि के लिए अपनी देह त्याग दी। पहलावानों ने अपने बयान में कहा कि हम उनके जितने पवित्र तो नहीं हैं लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलते हुए हमारे अंदर भी उन सैनिकों जैसी ही भावना है।

Share With