
पटना। बिहार में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले लालू प्रसाद यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को बड़ा झटका लगा है। पार्टी में लालू यादव के बेहद करीबी रहे रघुवंश प्रसाद सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होने लालू यादव को चिट्ठी लिखकर अपना त्यागपत्र सौंपा है।
माना जा रहा है कि राष्ट्रीय जनता दल में तेजस्वी यादव की मनमानी की वजह से रघुवंश प्रसाद नाराज चल रहे थे। रघुवंस प्रसाद के विरोधी रामा सिंह की आरजेडी में एंट्री के बाद से ही उन्होने अपनी नाराजगी जाहिर कर दी थी। इसके बाद उन्हें मनाने के कई बार प्रयास भी हुए लेकिन आज उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया।
रघुवंश प्रसाद सिंह का फिलहाल दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में उपचार चल रहा है और उन्होंने वहीं से लालू यादव को चिट्ठी लिखकर अपना इस्तीफा भेज दिया है। कुछ दिन पहले ही रघुवंस प्रसाद सिंह ने राष्ट्रीय जनता दल के उपाध्यक्ष पद को छोड़ा था और तभी से उनकी नाराजगी खुलकर सामने आई थी।
रघुवंश प्रसाद सिंह ने लालू यादव को लिखी चिट्ठी में कहा है कि वे जननायक कर्पूरी ठाकुर के निधन के बाद 32 वर्षों तक लालू यादव के पीछे खड़े रहे लेकिन अब नहीं। उन्होंने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आमजनों का धन्यवाद किया है और अपना त्यागपत्र सौंप दिया है।