छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्क

मुद्रा लोन से लखपति दीदी बनने का सपना हुआ साकार….

रायपुर: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मंशा के अनुरूप राज्य में महिला सशक्तिकरण की दिशा में शासन-प्रशासन द्वारा प्रभावी प्रयास किये जा रहे हैं। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए शासन की विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। महिला सशक्तिकरण हेतु संचालित शासकीय योजनाओं का सकारात्मक प्रभाव जशपुर जिले में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। विकासखंड बगीचा के ग्राम बुढाडांड की निवासी प्रीति गुप्ता ने मुद्रा लोन की सहायता से आत्मनिर्भरता की मिसाल स्थापित की है।

लक्ष्मी स्व-सहायता समूह से जुड़ी प्रीति को एक लाख रूपए का मुद्रा लोन प्राप्त हुआ, जिससे उन्होंने ‘दुर्गा श्रृंगार एवं किराना दुकान’ की शुरुआत की। प्रारंभ में छोटे स्तर पर संचालित यह व्यवसाय आज गांव की प्रमुख दुकानों में शामिल हो चुका है। सौंदर्य प्रसाधन एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं की उपलब्धता के कारण उनकी दुकान स्थानीय जरूरतों का प्रमुख केंद्र बन गई है। निरंतर परिश्रम, लगन एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के सहयोग से प्रीति आज प्रतिवर्ष लगभग 2.50 लाख रूपए का शुद्ध लाभ अर्जित कर रही हैं और ‘लखपति दीदी’ के रूप में पहचान बना चुकी हैं। प्रीति ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button