Breaking News

बिहार के पूर्णिया में वंदे भारत ट्रेन से कटकर चार लोगों की मौत

पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हुआ। वंदे भारत ट्रेन कटिहार-जोगबनी रेलखंड के पास कसबा गुमटी के समीप गुजर रही थी, तभी पांच लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।

जानकारी के अनुसार, मृतक सभी दशहरे का मेला देखने के बाद लौट रहे थे। हादसा शुक्रवार सुबह लगभग 4:30 बजे हुआ। ट्रेन जोगबनी से दानापुर (पटना) की ओर जा रही थी। घटना के समय आसपास मौजूद लोग दौड़े और मदद के लिए रेलवे पुलिस तथा स्थानीय प्रशासन को सूचना दी।

स्थानीय रेलवे प्रबंधक मुन्ना कुमार ने बताया कि घटना में पांच में से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो घायल को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर एक और ने दम तोड़ दिया। अब केवल एक व्यक्ति गंभीर अवस्था में जीएमसी में भर्ती है। मृतकों की उम्र करीब 18 से 21 साल बताई जा रही है। हादसे में मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। घायल व्यक्ति का कहना है कि वे जानकीनगर भांगहा के निवासी हैं और मखाना फोड़ने का काम करते हैं, लेकिन वह बार-बार बेहोश हो रहा था।

यह वंदे भारत ट्रेन जोगबनी से दानापुर के लिए चलती है। इस ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 सितंबर, 2025 को वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर किया था। विधानसभा चुनाव से पहले यह ट्रेन बिहार में जनता के लिए एक नया परिवहन विकल्प लेकर आई थी। हादसे के बाद रेलवे पुलिस और प्रशासन मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

रेलवे पुलिस इस हादसे की जांच में लगी हुई है और मृतकों की पहचान के प्रयास जारी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय ट्रेन की रफ्तार अधिक थी और लोग सुरक्षा नियमों की अनदेखी कर रेल पटरी पर खड़े थे।

Related Articles

Back to top button