Breaking News

आज से पानी भी छोड़ रहे मनोज जरांगे पाटिल, बिगड़ रही हालत

मुंबई। महाराष्ट्र में 10% मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई में आमरण अनशन कर रहे मराठा कार्यकर्ता मनोज जरांगे पाटिल ने सभी की चिंताए बढ़ा दी हैं। आज उनके अनशन का चौथा दिन है। आज चौथा दिन है जब उन्होंने अनाज का एक दाना तक नही खाया है। बीती रात 12 बजे डॉक्टरों की टीम ने मनोज जरांगे के स्वास्थ्य की जांच की। उनका ब्लड सैंपल लिया गया। जिसके माध्यम से उनके शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच की गई।

मेडिकल टीम ने बताया कि जरांगे अब पानी भी छोड़ने वाले हैं जो कि उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर है। डॉक्टरों ने उन्हें ORS और पानी पीने की सलाह दी है, लेकिन जरांगे पाटिल ने इससे साफ इनकार कर दिया। उनकी तबियत अब खराब होती जा रही है।

वहीं कल देर शाम मराठा आरक्षण समिति के सदस्य रह चुके मधुकर अर्धड की जरांगे पाटिल से मुलाकात हुई। पूर्व ब्यूरोक्रेट्स मधुकर अर्धड ने जरांगे पाटील से करीब 45 मिनट बातचीत की। उन्होंने मराठवाड़ा के पांच जिलों में मराठा कुणबी के ऐतिहासिक दर्ज रिकॉर्ड के सबूत पेश किए। उन्होंने हैदराबाद गजेट्स और मोडी लिपी के दस्तावेज जरांगे के सामने रखे। अर्धड ने दावा किया कि 35 से 40% रिकॉर्ड्स जो दर्ज किए गए हैं उनमें मराठा कुणबी दर्ज हैं, यह आरक्षण की लड़ाई में बड़ा आधार बन सकते हैं।

गौरतलब है कि, मनोज जरांगे पाटिल और सरकार द्वारा नियुक्त प्रतिनिधिमंडल के बीच शनिवार को मुंबई में हुई बातचीत बेनतीजा रही। फडणवीस सरकार ने जरांगे से सेवानिवृत्त न्यायाधीश संदीप शिंदे को बातचीत के लिए भेजा था लेकिन बात नहीं बन पाई। सेवानिवृत्त न्यायाधीश शिंदे मराठों को आरक्षण देने की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार द्वारा गठित समिति के अध्यक्ष हैं। इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार (30 अगस्त) को इसे लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि सरकार संवैधानिक ढांचे के अंदर मराठा आरक्षण मुद्दे का समाधान खोजने के लिए काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button