
नई दिल्ली। पाकिस्तान के अशांत दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र बलूचिस्तान में एक आतंकी हमले में कम से कम 9 सैनिकों की जान चली गई। यह हमला वाशुक जिले में हुआ, जहां बड़ी संख्या में आतंकवादियों ने सुरक्षा ठिकानों को निशाना बनाया।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, दर्जनों सशस्त्र आतंकवादियों ने पहले एक पुलिस थाने पर हमला किया, उसके बाद सीमा सुरक्षा बल के एक परिसर को घेर लिया। यह हमला सुनियोजित और समन्वित प्रतीत होता है, जिसमें आतंकियों ने रणनीतिक रूप से दोनों ठिकानों पर एक साथ धावा बोला।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधिकारी ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया, जब सेना का मूवमेंट हो रहा था तभी आतंकवादियों ने हमला कर दिया। आतंकवादियों ने 9 सैनिकों को मार डाला।
इससे पहले पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को निशाना बनाया गया था। घटना पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में हुई थी। यहां पटरी पर लगे विस्फोटक के चलते जाफर एक्सप्रेस के छह डिब्बे पटरी से उतर गए थे। इस घटना में चार लोग घायल हुए थे। जिस वक्त ट्रेन को निशाना बनाया गया था उस वक्त वह पेशावर की ओर जा रही थी।
बता दें कि, बलूचिस्तान लगभग दो दशकों से अशांति का सामना कर रहा है। स्थानीय जातीय बलूच समूहों और उनसे संबंधित अन्य पार्टियों का आरोप है कि पाकिस्तान सरकार प्रांत की खनिज संपदा का दोहन कर रही है। हाल ही में बलूच विद्रोहियों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों के निशाना बनाते हुए कई घातक हमले भी किए हैं।