
नई दिल्ली। पंजाब में आम आदमी पार्टी की विधायक अनमोल गगन मान ने अचानक एक बड़ा फैसला लेते हुए इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधानसभा से रिजाइन करने के साथ ही राजनीति छोड़ने का भी ऐलान कर दिया है।
अनमोल गगन मान पंजाब की खरड़ विधानसभा से विधायक हैं। पंजाब विधानसभा अध्यक्ष को भेजे अपने इस्तीफे में अनमोल ने लिखा, दिल भारी है, लेकिन मैंने सियासत को छोड़ने का फैसला कर लिया है। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष से अपना इस्तीफा जल्द स्वीकार किए जाने की मांग की और उम्मीद जताई, पंजाब सरकार लोगों की अपेक्षाओं पर खरी उतरेगी।
अनमोल गगन मान ने इस्तीफा क्यों दिया और उनके राजनीति छोड़ने का मन बनाने के पीछे क्या वजह है इस संबंध में तो फिलहाल उन्होंने कुछ भी नहीं बताया है। अनमोल ने 4 दिन पहले 15 जुलाई को आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की थी।
केजरीवाल से मुलाकात की फोटो उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट की करते हुए लिखा था कि हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जी के साथ विभिन्न प्रमुख मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। समाज के उत्थान का उनका सपना हमें हमेशा साहस और प्रेरणा से भर देता है। अब ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि आखिर चार दिन में ऐसा क्या हो गया जो अनमोल को इतना बड़ा फैसला लेना पड़ा?
अनमोल गगन मान 2020 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं। एक लोकप्रिय गायिका होने के चलते युवाओं के बीच पार्टी को अपनी पैठ बढ़ाने में मदद मिली। उन्होंने पार्टी के लिए प्रचार गीत भी गाए जो काफी लोकप्रिय हुए।
मान ने 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में खरड़ विधानसभा क्षेत्र से ‘आप’ के टिकट पर चुनाव लड़ा। शिरोमणि अकाली दल के उम्मीदवार रणजीत सिंह गिल को 37,718 वोटों के बड़े अंतर से हराकर बड़ी जीत दर्ज की और पहली बार विधायक बनीं।
उन्हें जुलाई 2022 में मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया गया। उन्हें पर्यटन और संस्कृति मामले, निवेश प्रोत्साहन, तथा श्रम जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई। सितंबर 2024 में भगवंत मान ने पंजाब कैबिनेट में फेरबदल किया। उन्होंने अनमोल गगन मान समेत चार मंत्रियों को मंत्री पद से हटा दिया गया था।