Breaking News

गोवा और हरियाणा को मिले नए राज्यपाल, लद्दाख के उपराज्यपाल बनाए गए कविंदर गुप्ता

नई दिल्ली। भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में नए राज्यपाल और उपराज्यपाल की नियुक्ति कर दी है। सोमवार 14 जुलाई 2025 को राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में इस बात की घोषणा की गई है। जानकारी के मुताबिक, हरियाणा और गोवा के राज्यपाल बदल दिए गए हैं। वहीं, लद्दाख के उपराज्यपाल के पद पर भी नई नियुक्ति की गई है।

प्रो. अशीम कुमार घोष को हरियाणा का राज्यपाल जबकि पी. अशोक गजपति राजू को गोवा के राज्यपाल पद पर नियुक्ति दी गई है। लद्दाख के उपराज्यपाल पद से सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर डॉ. बी.डी. मिश्रा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। उनकी जगह पर कविंदर गुप्ता को लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया है।

लद्दाख के नए उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता का नाम बीजेपी के वरिष्ठ और कर्मठ नेताओं में लिया जाता है। वो जम्मू कश्मीर के उप मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। कविंदर गुप्ता का आरएसएस से बहुत पुराना जुड़ाव है। वो 13 साल की उम्र से ही संघ की शाखाओं में जाने लगे थे। कविंदर गुप्ता साल 2005 से 2010 तक लगातार तीन बार जम्मू के मेयर भी रहे चुके हैं। इसके अलावा वो 2014 में उनको सर्वसम्मति से जम्मू कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष चुना गया था।

हरियाणा के राज्यपाल नियुक्त किए गए प्रो. अशीम कुमार घोष मूल रूप से हावड़ा पश्चिम बंगाल से आते हैं। वो पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और उन्होंने बीजेपी की टिकट पर चुनाव भी लड़ा था। अभी तक बंडारू दत्तात्रेय हरियाणा के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि बंडारू दत्तात्रेय को अब क्या नई जिम्मेदारी मिलेगी।

वहीं गोवा के राज्यपाल पी अशोक गजपति राजू बीजेपी की सहयोगी तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के नेता हैं। वो विजयनगरम के अंतिम महाराजा पी विजयराम गजपति राजू के छोटे पुत्र हैं। अशोक गजपति राजू पूर्व में नागरिक उड्डयन मंत्री भी रह चुके हैं। संभवत: ऐसा पहली बार हुआ जब बीजेपी ने अपने सहयोगी दल के नेता को राज्यपाल नियुक्त किया हो।

 

Related Articles

Back to top button