
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। बंगाल के लिए बीजेपी ने 144 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। इस लिस्ट में जिस नाम की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है वो बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का है। बीजेपी ने सुवेंदु को भवानीपुर सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। इस सीट से तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और सीएम ममता बनर्जी मौजूदा विधायक हैं। इसके अलावा बीजेपी ने अग्निमित्रा पॉल को आसनसोल दक्षिण से टिकट दी है। इसी तरह बीजेपी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को खड़गपुर सदर से मैदान में उतारा है।
बीजेपी ने मुर्शिदाबाद से गौरी शंकर घोष को उम्मीदवार घोषित किया है। पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता को राशबेहारी सीट से टिकट मिली है। बीजेपी ने हासन सीट से निखिल बनर्जी, सिलीगुड़ी से शंकर घोष को टिकट दी है। कूचबिहार उत्तर से सुकुमार रॉय, कालीगंज से बापन घोष और डायमंड हार्बर से दीपक कुमार हलदर को चुनाव मैदान में उतारा है।
भारतीय जनता पार्टी की केन्द्रीय चुनाव समिति की बैठक नितिन नवीन की अध्यक्षता में 12 मार्च को हुई थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह और केन्द्रीय चुनाव समिति के अन्य सभी सदस्य उपस्थित थे। केन्द्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए इन 144 उम्मीदवारों के नाम पर मुहर लगाई है। इनमें 11 महिलाएं शामिल हैं। 294 विधानसभा सीट वाले पश्चिम बंगाल में दो चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होगा।


