
आज डायरिया के मात्र दो मरीज मिले
इन्दौर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि भागीरथपुरा प्रभावित क्षेत्र में स्थिति तेजी से सामान्य होती जा रही है। आज ओपीडी के 40 मरीजों में से मात्र 02 मरीज डायरिया के आए है, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पतालों में अब तक कुल 447 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं जिसमें से 432 स्वस्थ होकर अपने घरों को लौट गए हैं। 09 अभी भी वार्ड में भर्ती हैं और 06 आईसीयू में उपचारत है।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशानुसार क्षेत्र में दो एम्बुलेंस लगायी गयी हैं। 24×7 चिकित्सकों की ड्यूटी क्षेत्र में लगाई गई है। मरीजों को एम.व्हाय. चिकित्सालय, अरविंदों अस्पताल तथा बच्चों को चाचा नेहरु अस्पताल में रेफर किया जा रहा है, जो मरीज निजी चिकित्सालयों में जा रहें हैं, वहाँ पर भी निःशुल्क उपचार, जॉच एवं औषधि हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.माधव प्रसाद हासानी द्वारा निर्देशित किया गया है।
भागीरथपुरा प्रभावित क्षेत्र में 10 जनवरी 2026 से अभियान स्वास्थ्यवर्धन भी चलाया जा रहा है, जिसमें की गैर संचारी रोगों की भी जांच लगातार की जा रही हैं। सर्वे, शिविर तथा ओपीडी में सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, नर्सिंग ऑफिसर तथा चिकित्सकों द्वारा लगातार परामर्श दिया जा रहा है। आज भी ‘अभियान स्वास्थ्यवर्धन’ के अंतर्गत भागीरथपुरा प्रभावित क्षेत्र में लार्वा सर्वे किया और घरों की जांच की और आवश्यक परामर्श और गतिविधियां की। जिसमें नागरिकों ने अपने आपको काफी सहज एवं सुरक्षित महसूस किया। दल द्वारा दिए गए परामर्श से यह भी जानकारी प्राप्त हो रही है , कि हमें किस तरह की जीवन शैली को अपनाना चाहिए, जिससे कि स्वयं,परिवार एवं समुदाय स्वस्थ रह सके।




