Breaking Newsदेश

पीएम मोदी ने हुगली नदी में नाव की सवारी की, नाव चलाने वाले को गले लगाया

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सुबह बंगाल में हुगली नदी के तट पर पहुंचे। यहां उन्होंने नौका विहार का आनंद लिया। इस दौरान पीएम मोदी ने नदी के किनारे सुबह टहलने वाले लोगों से मुलाकात की।

पीएम मोदी ने नौका विहार के दौरान अपने कैमरे से कई तस्वीरें खींची। इस दौरान उन्होंने नाविकों के परिश्रम की सराहना की। पीएम ने पवित्र गंगा नदी की विशेष महत्व पर भी बात की। मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर अपनी सुबह की सैर की कई फोटो और वीडियो शेयर करते हुए लिखा, कोलकाता के कुछ यादगार पल। हुगली नदी पर एक अद्वितीय सुबह।

पीएम मोदी ने लिखा, आज सुबह कोलकाता में, मैंने हुगली नदी के किनारे कुछ समय बिताया, जो मां गंगा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अवसर था। साथ ही, मुझे नाव चालकों से मिलने का अवसर मिला, जिनकी परिश्रमशीलता सराहनीय है और सुबह की सैर करने वालों से भी मिला। हुगली नदी पर, हमने पश्चिम बंगाल के विकास और महान बंगाली जनता की समृद्धि के लिए काम करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।

पीएम मोदी ने कहा हर बंगाली के लिए गंगा नदी का विशेष महत्व है। कहा जा सकता है कि गंगा बंगाल की आत्मा में बहती है। इसके पवित्र जल में एक संपूर्ण सभ्यता की शाश्वत भावना समाहित है।

पीएम ने बताया, मैंने इस महान नदी की तस्वीरें खींचने की कोशिश की। विद्यासागर सेतु और हावड़ा पुल को भी नजदीक से देखा और उसको भी अपने कैमरे में कैद किया। मोदी ने कहा, गुरुवार शाम हावड़ा से कोलकाता तक के लंबे रोड शो के दौरान मैं हावड़ा ब्रिज पर था और आज सुबह मैंने इस पुल को हुगली नदी से देखा।

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार को 152 सीटों पर वोटिंग हुई जिसमें रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण में 142 सीटों के लिए 29 अप्रैल को मतदान होगा। मतगणना 4 मई को होगी।

Related Articles

Back to top button