
नई दिल्ली। नितिन नबीन निर्विरोध भारतीय जनता के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं। चुनाव नामांकन में नितिन नबीन के अलावा किसी और ने पर्चा नहीं भरा। नामांकन की समय-सीमा खत्म होने के बाद पार्टी राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ. के लक्ष्मण की ओर से इस संबंध में एक प्रेस वक्तव्य जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए सिर्फ एक ही नाम नितिन नबीन का प्रस्तावित हुआ है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी भाजपा अध्यक्ष पद के लिए नितिन नवीन की उम्मीदवारी का प्रस्ताव रखने वालों में शामिल हैं, सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। इससे पहले नितिन नबीन ने पार्टी के सीनियर नेताओं अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी की मौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। बता दें कि 36 राज्यों में से 30 राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों के चुनाव के बाद बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई। 16 जनवरी को कार्यक्रमों की समय-सारणी की अधिसूचना जारी करने के साथ ही वोटर लिस्ट भी प्रकाशित की गई थी।
आज सोमावर को दोपहर 2 बजे से 4 बजे के बीच नामांकन की प्रक्रिया पूरी हुई। इस दौरान नितिन नबीन के अलावा किसी और ने नामांकन दाखिल नहीं किया। नितिन नबीं के पक्ष में नामांकन पत्रों के 37 सेट प्राप्त हुए। सभी पत्रों की जांच की गई और वे सही पाए गए।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, नितिन नबीन को निर्विरोध भारतीय जनता पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना तय है। वे कल सुबह 11:30 बजे औपचारिक रूप से अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, नितिन गडकरी, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन मंत्री मौजूद रहेंगे।




