Breaking Newsविदेश

ईरान की अमेरिका और इजरायल को चेतावनी- हमारे आर्थिक केंद्रों को निशाना बनाया गया, तो कड़ा जवाब देंगे

तेहरान। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने शनिवार को एक बार फिर अमेरिका और इजरायल को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, हम कई बार कह चुके हैं कि ईरान पहले हमला नहीं करता। लेकिन अगर हमारे बुनियादी ढांचे या आर्थिक केंद्रों को निशाना बनाया गया तो हम कड़ा जवाब देंगे।

उन्होंने कहा, हम क्षेत्र के देशों से कहना चाहते हैं कि अगर आप विकास और सुरक्षा चाहते हैं, तो हमारे दुश्मनों को अपनी जमीन से युद्ध की अनुमति न दें।

इस बीच, ईरान ने दावा किया है कि उसने दुबई में अमेरिकी सेना के दो ठिकानों पर हमला किया है। ईरान की सरकारी मीडिया फारस न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी।

समाचार एजेंसी के अनुसार, हजरत खातम अल-अनबिया के केंद्रीय मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने दावा किया कि ईरान की ओर से क्षेत्र में अमेरिकी अड्डों पर हमले के बाद अमेरिकी सैनिक इन ठिकानों में स्थानांतरित हो गए थे।

प्रवक्ता ने कहा कि इन ठिकानों में 500 से अधिक अमेरिकी सैनिक मौजूद थे, जिनमें से लगभग 400 पहले ठिकाने में और 100 दूसरे ठिकाने में थे। रिपोर्ट के मुताबिक, प्रवक्ता ने कहा कि आईआरजीसी ने इन स्थानों की पहचान की और सटीक मिसाइलों और ड्रोन हमले किए, जिससे भारी नुकसान हुआ।

प्रवक्ता ने आगे कहा, (अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड) ट्रंप और अमेरिकी सेना के कमांडरों को अब पूरी तरह समझ जाना चाहिए कि यह क्षेत्र अमेरिकी सैनिकों के लिए कब्रिस्तान बन जाएगा, और उन्हें बहादुर लोगों और इस्लाम के जांबाज योद्धाओं की इच्छा के आगे झुकना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button