Breaking Newsदेश

गृहमंत्री अमित शाह ने लॉन्च किया देश का पहला आईईडी डेटा सिस्टम

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज भारत के पहले राष्ट्रीय आईईडी डेटा मैनेजमेंट सिस्टम (एनआईडीएमएस) का उद्घाटन किया। यह देश की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) द्वारा विकसित, एनआईडीएमएस एक सुरक्षित राष्ट्रीय स्तर का डिजिटल प्लेटफॉर्म है जिसका उद्देश्य तात्कालिक विस्फोटक उपकरणों (आईईडी) से संबंधित डेटा का व्यवस्थित संग्रह, संकलन और प्रसार करना है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर कहा कि किसी भी जगह पर हुए विस्फोट को आप इस डेटा स्टोरेज के अंदर शामिल कर पाएंगे और डेटा का उपयोग करके हर राज्य में कहीं पर भी जरूरत पड़े तो इसकी जांच के लिए यहां से अनेक प्रकार के दिशानिर्देश मिलेंगे। एनएसजी के पास बम विस्फोटो का जो डेटा बेस है उसमें 1999 से बम संबंधी सभी डेटा NIDMS के पास उपलब्ध है।

विस्फोट की घटनाओं की आपसी लिंकिंग, एमओ के आधार पर, सर्किट पद्धति के आधार पर और समग्र प्रवृत्तियों के ट्रेंड को इससे समझने में बड़ी सहायता मिलेगी। NIDMS से देशभर के बम विस्फोटक के सटीक विश्लेषण संगठित करना ,संकलित करना और सुरक्षित तरीके से इसको सबके साथ साक्षा करना ये प्रक्रिया NIDMS से एक प्रकार से मजबूती के साथ प्रस्थापित होगी।

गांधीनगर में स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय में NIDMS का सुपर कंप्यूटर और सर्वर लगाए गए हैं। जब भी कहीं से कोई संदिग्ध विस्फोटक बरामद होगा तो उसकी जानकारी तुरंत इस सिस्टम में डाली जाएगी। AI के माध्यम से तुरंत यह पता चल सकेगा कि इसके पीछे किस संगठन का हाथ हो सकता है।

सीमा सुरक्षा बल, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ और सभी राज्यों की पुलिस अपनी-अपनी जानकारी यहां साझा करेगी। 800 अलग-अलग सोर्सेस के जरिए डेटा का आदान-प्रदान किया जा सकेगा। भारत ही नहीं बल्कि दुनिया के 26 सहयोगी देश भी इस मिशन का हिस्सा बने हैं जो अपने अपने यहां पर हुए आतंकी हमलों और उनमें इस्तेमाल किए गए विस्फोटकों की जानकारी भारत के साथ बांटेंगे।

Related Articles

Back to top button