
भोपाल। मध्य प्रदेश में वोटर लिस्ट का स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन यानी SIR अभियान पूरा हो गया है और आज (शनिवार को) Final Voter List जारी कर दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मध्य प्रदेश में वोटर लिस्ट का Special Intensive Revision 27 अक्टूबर, 2025 से शुरू हुआ था। इस ड्राइव के तहत करीब 4 महीने तक अलग-अलग चरणों में काम हुआ और अब अंतिम सूची जारी हुई है। जानें इसमें आप अपना नाम कैसे चेक कर सकते हैं।
बता दें कि SIR से पहले कुल 5 करोड़ 74 लाख 6 हजार 143 मतदाता रजिस्टर थे। फिर ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल में उनकी संख्या 5 करोड़ 31 लाख 31 हजार 983 हो गई। लेकिन अब अंतिम मतदाता सूची में 5 करोड़ 39 लाख 81 हजार 65 मतदाताओं के नाम हैं। इस तरह ड्राफ्ट इलेक्टोरल रोल के बाद अंतिम सूची में 8 लाख 49 हजार 82 मतदाताओं की बढ़ोतरी हुई है।
जान लें कि 5 करोड़ 74 लाख वोटर्स की गिनती और उनके दस्तावेजों के डिजिटलीकरण में मिशन मोड पर कार्य किया गया। अंतिम मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों और निर्धारित स्थानों पर प्रकाशित की गई है। यह लिस्ट आप मुख्य निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट https://ceoelection.mp.gov.in पर भी देख सकते हैं।
इसके साथ ही आप वोटर पोर्टल- https://voters.eci.gov.in और ECINET ऐप पर भी अंतिम मतदाता सूची पा सकते हैं। साथ ही, आप BLO के जरिए या जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय/ERO/AERO कार्यालय में फाइनल वोटर लिस्ट देख सकते हैं।
अगर आपका नाम फाइनल वोटर लिस्ट में नहीं है, तो नाम रजिस्टर करवाने के लिए फॉर्म 6 भरकर, उसके साथ Declaration और जरूरी सहायक दस्तावेज संलग्न करके ऑनलाइन या ऑफलाइन माध्यम से अप्लाई कर सकते हैं।
अगर फाइनल वोटर लिस्ट में दी गई जानकारी में कोई गलती है, तो फॉर्म 8 भरकर जरूरी दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन या ऑफलाइन सुधार के लिए अप्लाई किया जा सकता है।




