
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय के कोलकाता जोनल ऑफिस ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के अधिकारियों ने 16 मार्च 2026 (सोमवार) को पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा, सिलीगुड़ी और दुर्गापुर में कुल 16 जगहों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई M/s Technosolis Informatics Limited, सुराश्री कर, सुभजीत चक्रवर्ती और उनके साथियों से जुड़े मामलों में की गई।
छापेमारी के दौरान ईडी को करीब 2.5 करोड़ रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट, सोने के सिक्के, क्रिप्टोकरेंसी के साथ कई अहम दस्तावेज और डिजिटल डिवाइस मिले हैं। इसके अलावा जांच में 20 करोड़ रुपये से ज्यादा की जमीन, होटल और रिजॉर्ट जैसी संपत्तियों का भी पता चला है, जो कथित तौर पर गैरकानूनी तरीके से कमाई गई थीं।
कार्रवाई के दौरान 2 बांग्लादेशी पासपोर्ट और एक मर्सिडीज समेत 4 लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की गईं। सिलीगुड़ी के एक ठिकाने से अलग-अलग ब्रांड की 88 शराब की बोतलें भी मिलीं, जिन्हें ईडी ने वेस्ट बंगाल एक्साइज डिपार्टमेंट को सौंप दिया। यह कदम 2026 के विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष बनाए रखने के तहत उठाया गया है।
ईडी ने यह जांच पश्चिम बंगाल पुलिस की FIR के आधार पर शुरू की थी। आरोप है कि ये लोग एक फर्जी कॉल सेंटर चला रहे थे, जो खासकर अमेरिका के लोगों को फोन कर ठगी करता था और अवैध तरीके से पैसे भारत भेजता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि Technosolis Informatics Ltd. और इससे जुड़ी कंपनियों के नाम पर कई बैंक खाते खोले गए थे, जिनमें विदेश से आने वाला पैसा जमा किया जाता था। ये पैसा ठगी से कमाया गया था।




