
गयाजी। बिहार में पहले चरण के नामांकन की प्रक्रिया आज खत्म हो गई है। गयाजी से बिहार सरकार के मंत्री व बीजेपी के वरिष्ठ नेता डॉ. प्रेम कुमार, जदयू नेत्री मनोरमा देवी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के पुत्रवधु दीपा मांझी ने नामांकन किया। नामांकन प्रक्रिया में एनडीए की तरफ से मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, गोवा के सीएम प्रमोद सांवत और डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी सहित एनडीए के कई बड़े नेता मौजूद रहे। नामांकन के बाद गयाजी में बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार को छोटा-मोटा राज्य कहते हैं। पंजाब के मुख्यमंत्री कहते हैं कि जब भी कोई गड़बड़ होती है तो बिहार कनेक्शन होता है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बिहार के लोगों को गाली देती हैं। एनडीए समर्थक, इंडिया गठबंधन के चट्टे बट्टों की ईंट से ईंट बजा देंगे। बिहार में एनडीए सरकार के पक्ष में माहौल बना है। यह सौभाग्य है कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्ता को भी मुख्यमंत्री पद तक पहुंचने का अवसर मिलता है। मेरा कोई राजनीतिक बैकग्राउंड नहीं रहा है। बदलते दौर में भारत को आगे बढ़ाने के लिए दिल्ली और पटना दोनों मजबूत चाहिए। दोनों मिलकर देश को विकास के पथ पर आगे ले जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कहां राम राज्य की कामना करने वाली महात्मा गांधी की कांग्रेस, कहां आज की राहुल गांधी की कांग्रेस। उन्हें न भाषा का ध्यान, न व्यवहार का ध्यान, न भाषण का ध्यान। कहां नेता प्रतिपक्ष पद को गौरवांवित करने वाले पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी बाजपेयी और कहां आज के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी। राहुल जब भी बोलते हैं तो देश और देशवासियों का अपमान ही करते हैं।
वो विदेश जाते हैं तो वहां अपमान करते हैं। अब तो राहुल गांधी लोकतंत्र को कलंकित कर रहे हैं। लोकतंत्र में सबसे ज्यादा मान-सम्मान न्यायालयों का होता है। राहुल को न्यायालय पर भी भरोसा नहीं है। इस देश का सम्मान बढ़ाने के लिए जवान 24 घंटे जान की बाजी लगाकर सीमा पर तैनात रहते हैं। दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि जब हमारी सेना दुश्मनों को घर में घुसकर मारती है, तो राहुल गांधी उसका प्रमाण मांगते हैं। सेना का अपमान करने वाले राहुल को डूब मरना चाहिए। बिहार की जनता इसका जवाब देगी।