Breaking Newsविदेश

इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान मस्जिद में धमाका, 31 लोगों की मौत

इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में फिदायीन हमला हुआ है जिसमें लगभग 31 लोगों के मारे जाने की खबर है और 169 अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। शिया मस्जिद कस्र ए खदीजतुल कुब्रा में यह सुसाइड ब्लास्ट किया गया है। इस धमाके के बाद इस्लामाबाद में इमरजेंसी लागू कर दी गई है।

पुलिस और सेना के द्वारा घटनास्थल के आसपास के इलाके को सील कर दिया गया है। राहत और बचाव का काम शुरू हो गया है। घायलों को इलाज के लिए पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएम) और सीडीए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एचटीएन वर्ल्ड न्यूज एजेंसी की खबर के अनुसर मस्जिद के गेट पर एक शख्स ने खुद को बम से उड़ा लिया। खबर लिखे जाने तक किसी भी आतंकी संगठन के द्वारा इस बम धमाके की जिम्मेदारी नहीं ली गई है। सुरक्षाबलों के द्वारा इस ब्लास्ट की जांच शुरू कर दी गई है और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

जिस मस्जिद में विस्फोट हुआ है उसे इस्लामाबाद की बड़ी मस्जिद भी कहा जाता है। ब्लास्ट के बाद के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें लोगों को बदहवास हालत में इधर उधर भागते हुए देखा जा सकता है।

इससे पहले नवंबर 2025 में इस्लामाबाद में एक कोर्ट के बाहर बम धमाका हुआ था। उस ब्लास्ट में 12 लोगों की जान चली गई थी और 36 लोग घायल हुए थे। आतंकी संगठन तहरीक ए तालिबान ने उस हमले की जिम्मेदारी ली थी।

Related Articles

Back to top button