
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कांग्रेस सांसदों पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि सदन में पीएम मोदी के साथ अप्रत्याशित घटना हो सकती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्पीच के बिना ही राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लोकसभा से पास किए जाने के संबंध में जानकारी देते हुए ओम बिरला ने कहा, जब सदन के नेता को राष्ट्रपति के अभिभाषण पर जवाब देना था, तो मेरे पास पुख्ता ऐसी जानकारी आई कि कांग्रेस पार्टी के कई सदस्य प्रधानमंत्री के आसन पर पहुंचकर कोई भी अप्रत्याशित घटना कर सकते हैं।
ओम बिरला ने कहा, अगर यह घटना हो जाती तो यह अत्यंत अप्रिय, देश की लोकतांत्रिक परंपराओं को तार-तार कर देती। इसको टालने के लिए मैंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि उन्हें सदन में नहीं आना चाहिए और सदन के सभापति होने के नाते मेरी जिम्मेदारी बनती थी कि सदन की गरिमा को बनाए रखूं। मेरे सुझाव को मानते हुए ही प्रधानमंत्री सदन में नहीं पहुंचे। ओम बिरला ने बोले, देश ने देखा कि कल सदन में क्या हुआ। सबने देखा कि कैसे सांसदों ने सदन में पीएम की कुर्सी की तरफ जाने की कोशिश की।
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सदन की मर्यादा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है। अगर सदन की मर्यादा को समाप्त कर देंगे तो इसकी कार्यवाही को चलाना उचित नहीं है। जब ओम बिरला यह बोल रहे थे तो उनकी बात में कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी सांसद हंगामा करते हुए अवरोध उत्पन्न करने का प्रयास किया।
इससे पहले बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने भी कहा था कि कांग्रेस सांसद पीएम मोदी पर हमला कर सकते थे। उन्होंने कहा था कि महिला सांसदों को ढाल बनाकर पीएम की कुर्सी तक विपक्षी सांसद पहुंचे थे उनकी मंशा थी पीएम मोदी को घेरकर उनको शारीरिक क्षति पहुंचाने की थी।




