
आकाश विजयवर्गीय ने किया 4 करोड़ के 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण
इंदौर। विधानसभा 1 के वार्ड 12 में रविवार 25 जनवरी को 4 करोड़ रुपये की लागत के 10 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने कहा कि कार्यकर्ताओं के पैर में चक्कर होना चाहिए अर्थात निरंतर जनसंपर्क करते रहना चाहिए। मुंह में शक्कर होना चाहिए अर्थात जनता से बातचीत में मृदुभाषी होना चाहिए। जनता से निरंतर संपर्क और उनकी समस्याओं का समाधान कर ही हम जनता के दिलों को जीत सकते हैं।
श्रीअन्न से मिलेगी आर्थिक समृद्धि
उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मोदीजी के मन की बात का प्रसारण प्रत्येक महीने के आखिरी रविवार को होता है। मेरा आप सभी से निवेदन है कि थोड़ी समय निकालकर इसको जरूर सुने। मोदीजी मन की बात कार्यक्रम में देश में हो रहे सकारात्मक परिवर्तनों की बात करते हैं और इससे हमें देश किस दिशा में आगे बढ़ रहा है इसकी जानकारी मिलती है और हमें भी आगे बढ़ने की दिशा मिलती है। मोदीजी ने मन की बात कार्यक्रम में श्रीअन्न की बात की। पुराने जमाने में हमारे पूर्वजों का आहार श्रीअन्न या मोटा अनाज ही था। इसलिए वह स्वस्थ और चुस्त-दुरुस्त रहते थे। आजकल फास्टफूड का चलन ज्यादा हो गया है, जो बीमारियों का घर है। आज इस अवसर पर हम संकल्प लेते हैं कि ज्यादा से ज्यादा श्रीअन्न का सेवन करेंगे। दुनियाभर में सबसे ज्यादा मोटा अनाज भारत में होता है इसलिए हम यदि श्रीअन्न को बढ़ावा देंगे तो इसका सीधा असर हमारी अर्थव्यवस्था पर भी पढ़ेगा। मैं आप सभी को विकास कार्यों की बधाई देता हूं। हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनसंपर्क और जागरुकता की वजह से यह विकास कार्य़ हो रहे हैं। हमें आगे और भी तेज गति और संपूर्ण शक्ति के साथ विकास कार्यों को करना है। हमें विधानसभा 1 के सभी वार्डों की जल्द से जल्द कायापलट करना है। विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण का उद्देश जनता से संपर्क कर उनकी समस्याओं को जानना और उनका समाधान करना होता है। देश के उत्कर्ष के लिए दीनदयाल उपाध्यायजी ने अंत्योदय का नारा दिया। इस नारे को प्रधानमंत्री मोदीजी ने आत्मसात करते हुए अंतिम व्यक्ति तक विकास को पहुंचाया है। इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को अपने बूथ की समस्याओं के प्रति जागरुक होते हुए उनके समाधान पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि जब बूथ मजबूत होगा तो देश मजबूत होगा। मेरी नगर निगम के अधिकारियों से अपील है कि क्षेत्र में जल और ड्रेनेज की समस्याओं का जल्द से जल्द निराकरण करें। आज हम वर्ड 12 के पांच बूथों का दौरा कर समस्याओं की जानकारी लेंगे और उनको हल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करेंगे। इसके बाद वार्ड के पार्षद महोदय एवं अधिकारी बूथों का दौरा कर जनता की समस्याओं से रुबरू होंगे और शीघ्र समाधान की दिशा में काम करेगे।
उपस्थित जनसमुदाय को पार्षद प्रतिनिधि कृष्ण वल्लभ डाबी, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक चौहान चांदू नेता, गोविंद सिंह पवार ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम स्थल पर और जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने आकाश विजयवर्गीय का फूल-मालाओं एवं केसरिया दुपट्टे से स्वागत किया। कार्यक्रम में आकाश विजयवर्गीय के अलावा पार्षद सीमा कृष्ण वल्लभ डाबी, मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।
सड़क, ड्रैनेज एवं स्टॉर्म वॉटर लाइन की दी सौगात
विकास कार्यों के क्रम में 1 करोड़ 40 लाख की लागत से गोविंद कॉलोनी गड्ढे में ड्रेनेज लाइन डालने के कार्य का भूमिपूजन, 66 लाख की लागत से गोविंद कॉलोनी साईं बाबा मंदिर ड्रेनेज लाइन लोकार्पण, 18 लाख की लागत से मालवा भारती स्कूल के सामने सड़क का लोकार्पण, 20 लाख की लागत से गोविंद कॉलोनी गड्ढे में नवीन सीमेंट कंक्रीट सड़क का लोकार्पण, 22 लाख की लागत से राधा कृष्ण नगर में स्टॉर्म वॉटर लाइन डालने के कार्य का लोकार्पण, 16 लाख की लागत से बोरिंग की लाइन का लोकार्पण, 15 लाख की लागत से विजय जोशी जी के निवास से सवारियां मंदिर के पास तक सीमेंट कंक्रीट सड़क का भूमिपूजन, 50 लाख की लागत से दुर्गा नगर बेक लाइन में सीमेंट कंक्रीट निर्माण कार्य का लोकार्पण, 11 लाख की लागत से गोविंद कॉलोनी में सनी सरदार जी वाली गली क्रमांक 1, 2 एवं 3 की मेन रोड पर ड्रेनेज लाइन के कार्य का भूमिपूजन और 52 लाख की लागत से गुलाब सेन जी के निवास के सामने वाली गली एवं संदीप जायसवाल जी वाली गली के सामने की सड़क के कार्य का भूमिपूजन किया गया।
जनसंपर्क कर क्षेत्रवासियों से की मुलाकात
कार्यक्रम का आयोजन गोविंद कॉलोनी स्थित मालवा भारती स्कूल में किया गया था। कार्यक्रम का प्रारंभ बूथ नंबर 52 पर मालवा भारती स्कूल में कार्यकर्ताओं के साथ पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम के श्रवण के साथ किया गया। विधानसभा क्षेत्र में अपने दौरे के दौरान पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने गोविन्द कॉलोनी पुलिया पर ड्रेनेज लाइन का निरीक्षण करने के साथ गोविंद कॉलोनी में संतोष जी शर्मा वाली गली से दुर्गा नगर तक जनसंपर्क किया। दुर्गा नगर में बेक लाइन का निरीक्षण करने के साथ दुर्गा नगर से कर्मा नगर वाले रोड से राधा कृष्ण नगर तक जनसंपर्क किया। राधा कृष्ण नगर से यादव नगर बगीचे तक एवं यादव नगर से महाराणा प्रताप नगर तक जनसंपर्क किया। जनसंपर्क के दौरान क्षेत्रवासियों ने आकाश विजयवर्गीय को अपनी विभिन्न समस्याओं से अवगत करवाया। उन्होंने मौके पर उपस्थित नगर निगम के अधिकारियों से चर्चा कर शीघ्र समस्याओं के समाधान की बात कही।




