सलमान खान पर हमला करने की साजिश नाकाम, AK-47 से छलनी करने के थे आदेश, बिश्नोई गैंग के 4 शूटर गिरफ्तार
नई दिल्ली। मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान की हत्या की एक और साजिश का खुलासा किया है। लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने कथित तौर पर पाकिस्तानी हथियार सप्लायर से प्राप्त हथियारों से लैस, महाराष्ट्र के पनवेल में सलमान खान की कार पर हमला करने की साजिश रची थी। मामले में नवी मुंबई पुलिस ने FIR दर्ज कर इस साजिश से जुड़े चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने अपने कनाडा स्थित चचेरे भाई अनमोल बिश्नोई और सहयोगी गोल्डी बरार के साथ कथित तौर पर एक पाकिस्तानी हथियार डीलर से एके-47, एम-16 और अन्य हाई कैलिबर हथियारों के साथ सलमान खान के वाहन पर घात लगाकर हमला करने या उनके फार्महाउस पर हमला करने की प्लानिंग तैयार की थी।
बता दें कि, इससे पहले 14 अप्रैल को सलमान के नवी मुंबई के बांद्रा में वाले फ्लैट के बाहर दो बाइक सवार लोगों ने गोलीबारी की थी। गोलीबारी की घटना के बाद, पुलिस ने चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया था, जिसमें विक्की गुप्ता और सागर पाल को गुजरात में पकड़ा गया, जबकि अनुज थापन और एक अन्य व्यक्ति को 26 अप्रैल को पंजाब में हिरासत में लिया गया था। इस गोलीबारी में कुल मिलाकर, छह गिरफ्तारियां की गई हैं, हालांकि अनुज थापन की पुलिस हिरासत में मौत हो गई।
What's Your Reaction?