बंगाल में कंचनजंगा एक्सप्रेस से टकराई मालगाड़ी, 15 की मौत, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया दुख

Jun 17, 2024 - 22:17
 0  26
बंगाल में कंचनजंगा एक्सप्रेस से टकराई मालगाड़ी, 15 की मौत, राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया दुख

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में सोमवार को भीषण ट्रेन हादसा देखने को मिला। न्यू जलपाईगुड़ी में मालगाड़ी ने कंचनजंगा एक्सप्रेस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रेन को जबरदस्त नुकसान हुआ है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मालगाड़ी के टकराने के बाद कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन का डिब्बा हवा में लटका गया। भीषण हादसे में कंचनजंगा एक्सप्रेस ट्रेन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।  

इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। वहीं 60 लोगों के घायल होने की सूचना है। यहां पर बचाव अभियान अभी भी जारी है। यह हादसा जलपाईगुड़ी के करीब हुआ। जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई कंचनजंगा एक्सप्रेस सियालदाह जा रही थी।  

इस हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत अन्य नेताओं ने इस हादसे को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना पर दुख जताया। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस हादसे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग में रेल दुर्घटना में लोगों की मृत्यु की खबर अत्यंत व्यथित करने वाली है। मेरी प्रार्थनाएं पीड़ितों के परिवार के साथ है। मैं घायलों के जल्द ठीक होने और बचाव कार्य की सफलता के लिए प्रार्थना करती हूं।"

पीएम मोदी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा, "पश्चिम बंगाल में रेल दुर्घटना दुखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना। मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया। प्रभावितों की सहायता के लिए बचाव अभियान जारी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भी दुर्घटना स्थल पर जा रहे हैं।

गृह मंत्री अमित शाह ने इस रेल दुर्घटना को दुखद बताया। उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी में हुआ रेल हादसा बहुत दुःखद है। इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

अश्विनी वैष्णव ने इस रेल दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, "एनएफआर जोन में दुर्भाग्यपूर्ण हादसा। बचाव कार्य जारी है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ एकसाथ मिलकर काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल में पहुंचाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।"

पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा एनएफआर जोन में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना हुई है। बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ सभी एक साथ काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल लाया गया है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow