ओडिशा के संबलपुर में बरसे अमित शाह, बोले- नवीन बाबू की सरकार झोले की सरकार
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पांच चरणों का मतदान खत्म हो चुका है। छठवें चरण के लिए सभी पार्टियां चुनाव प्रचार में लगी हुई हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज ओडिशा के संबलपुर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए बीजू जनता दल और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि नवीन बाबू ने ओडिशा का अपमान किया है।
अमित शाह ने कहा कि नवीन बाबू ने ओडिशा का अपमान किया है। उत्कल भूमि पर शासन यहां का भूमि पुत्र ही करेगा। उन्होंने आगे कहा कि जगन्नाथ यात्रा को बंद करने की पूरी साजिश की गई थी। ओडिशा का लोकेशन सुंदर है ल्किन मेहनत करने वाला मुख्यमंत्री नहीं है बाकि यहां सबकुछ है।
अमित शाह ने कहा कि नवीन बाबू की सरकार झोले की सरकार है। पीएम मोदी गरीबों के लिए यहां जो हर व्यक्ति के लिए 5 किलो चावल प्रतिमाह भेजते हैं, नवीन बाबू उसको अपनी फोटो वाले झोले में डालकर बंटवाते हैं।
अमित शाह ने कहा कि ओडिशा एक बहुत ही खूबसूरत प्रदेश है, यहां लंबी तटरेखा है, ढेर सारी खनिज संपदा है, मेहनती युवा हैं लेकिन एक चीज की कमी है, वो है एक मेहनती मुख्यमंत्री। बीजेपी की सरकार बना दीजिए, हम एक मेहनती, युवा और जोशीला सीएम देंगे। हम ऐसा ओडिशा बनाना चाहते हैं कि यहां के एक भी नौजवान को अपना घर और परिवार छोड़कर अन्य प्रदेशों में रोजगार के लिए न भटकना पड़े।
अमित शाह ने कहा कि नवीन बाबू आप ओडिशा पर बाबू शाही थोप रहे हो। आपने ओडिया जनता का अपमान का किया है। नवीन बाबू यहां की संस्कृति, अस्मिता और ओडिया स्वाभिमान का गला घोंटने का काम कर रहे हैं। शाह ने कहा कि ओडिशा पर कोई तमिल शासन कर सकता है क्या? कोई तमिल बाबू ओडिशा चला सकता है क्या? मैं आपको विश्वास दिलाता हूं, भाजपा की सरकार बना दो, ओडिशा का ही ओडिया बोलने वाला युवा मुख्यमंत्री यहां पर शासन करेगा।
इस दौरान अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमेशा ओडिया भाषा और संस्कृति का गौरव बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने हमारे ओडिशा के गरीब और आदिवासी के घर की बेटी द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्रपति बनाकर पूरे ओडिशा का सम्मान करने का काम किया है।
What's Your Reaction?