Breaking Newsछत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ के कांकेर में आईईडी ब्लास्ट, डीआरजी के 4 जवान शहीद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर में हुए एक आईईडी ब्लास्ट में डीआरजी के 4 जवान शहीद हो गए हैं। कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र के पास यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब सुरक्षाबल के जवाब नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों को निष्क्रिय कर रहे थे।

ब्लास्ट के बाद डीआरजी कांकेर टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर सुखराम भट्टी, कांस्टेबल संजय गढ़पाले और कांस्टेबल कृष्ण कोमरा मौके पर ही शहीद हो गए। वहीं एक अन्य कांस्टेबल परमानंद को घायल अवस्था में हेलीकॉप्टर से रायपुर ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस घटना पर गहरा दु:ख जताते हुए शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शहीद परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता एवं दृढ़ता से खड़ी है। उनका साहस, समर्पण और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

आईजी बस्तर पी सुंदरराज ने बताया कि बस्तर डिवीजन में वर्ष 2025 और 2026 में बड़ी संख्या में नक्सली हिंसा का मार्ग छोड़कर पुनर्वास के लिए आगे आए हैं। उनके द्वारा दी गई जानकारी और पुलिस को उपलब्ध जानकारी के आधार पर, सुरक्षा बल लगातार नक्सलियों के गुप्त ठिकानों से आईईडी, हथियार, गोला-बारूद, हथगोले और अन्य सामग्री बरामद कर रहे हैं। इसी सिलसिले में आज हमारी टीम नारायणपुर और कांकेर जिलों की सीमा से लगे वन क्षेत्र में स्थित एक नक्सली ठिकाने पर पहुंची थी।

आईजी के अनुसार, आज के इस अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाई गई बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। वहीं एक अन्य स्थान पर नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग को निष्क्रिय करते समय एक आईईडी में विस्फोट हो गया। इस घटना में दुर्भाग्यवश हमने अपने चार साथियों को खो दिया।

बारूदी सुरंगों का पता लगाने और उनको निष्क्रिय करने के हमारे प्रयास जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में तैनात सार्वजनिक सुरक्षा बलों को विस्फोट से कोई नुकसान न हो और अभियान सामान्य रूप से चलता रहे, लेकिन आगे की कार्रवाई अत्यंत सावधानी से की जाएगी।

Related Articles

Back to top button