Breaking Newsदेश

आशा भोसले के निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका और पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर आशा जी के साथ अपनी पुरानी मुलाकातों की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि उन पलों की स्मृतियां वे हमेशा संजोकर रखेंगे।

पीएम मोदी ने कहा कि आशा भोसले की असाधारण संगीत यात्रा ने न केवल भारत की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया, बल्कि दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। उनकी आवाज में ऐसी अद्भुत विविधता थी, जिसमें दिल को छू लेने वाली मधुरता भी थी और जोश से भरी ऊर्जा भी।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”भारत की सबसे आइकॉनिक और बहुमुखी आवाजों में से एक आशा भोसले जी के निधन से मैं बहुत दुखी हूं। दशकों तक चली उनकी असाधारण संगीत यात्रा ने हमारी सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर में अनगिनत दिलों को छुआ। चाहे उनकी दिल को छू लेने वाली धुनें हों या उनकी जोशीली रचनाएं, उनकी आवाज हमेशा बेमिसाल रही। उनके साथ हुई मुलाकातों की यादों को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। उनके परिवार, प्रशंसकों और सभी संगीत प्रेमियों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। वह आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेंगी और उनके गीत सदैव लोगों के जीवन में गूंजते रहेंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री ने भी जताया शोक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी आशा भोसले के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा-आशा ‘ताई’ ने न केवल अपनी आवाज और प्रतिभा से एक अनूठी पहचान बनाई बल्कि अपने मधुर गीतों के माध्यम से भारतीय संगीत को और भी समृद्ध किया।

संगीत का दूसरा तारा भी आज लुप्त हुआ- फडणवीस

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा- ये पूरे भारत के लिए, विश्व के संगीत प्रेमियों के लिए बहुत ही दुख की बेला है, भारत के इतिहास में उन्होंने संगीत की जो सेवा की है, मंगेशकर परिवार ने जो संगीत की सेवा की है, लता दीदी के रूप में पहले सितारा, पहला तारा लुप्त होते हुए हमने देखा, संगीत का दूसरा तारा भी आज लुप्त हुआ है, इसका हम सबको बहुत दुख है, बाल्यावस्था से संगीत की सेवा करते-करते 92 साल की उम्र तक लगातार उन्होंने सेवा की।

Related Articles

Back to top button