मध्यप्रदेशराज्य

इंदौर: चार्जिंग प्वाइंट में ब्लास्ट से भयानक आग, 8 लोगों की जिंदा जलने से हुई मौत

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक दर्दनाक हादसा हो गया है, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया है। दरअसल, ब्रिजेश्वरी एनेक्स के रिहायशी इलाके में मौजूद एक मकान में भयानक आग लगने से 8 लोगों की जान चली गई है। घटना के बाद मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया गया। इस घटना की शुरुआती जांच में चार्जिंग प्वाइंट में स्पार्क के बाद आग लगने के बारे में पता चला है। पुलिस ने घर से 8 सिलेंडर भी बरामद किए हैं।

इस घटना में 8 लोगों की मौत हुई है और मृतकों में तीन बच्चे भी शामिल हैं। बच्चों में तनय उम्र 8 साल, छोटू उम्र 22 साल और राशि उम्र 10 साल की मौत की पुष्टि भी हुई है। 2 पुरुष जिसमें घर का मालिक मनोज पुगलिया उम्र 65 साल और उनके साले विजय सेठिया उम्र 65 साल की मौत भी हो गई है। मृतकों में 3 महिलाएं भी हैं, जिनके नाम बहू सिमरन, साली सुमन और टीनू हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से दुख जताते हुए इंदौर अग्निकांड के पीड़ितों और मृतकों के परिजनों के लिए आर्थिक मदद का ऐलान किया गया है। PMO ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘मध्य प्रदेश के इंदौर में हुए अग्निकांड में हुए जानमाल की हानि से मैं अत्यंत व्यथित हूं। मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पीएमएनआरएफ की ओर से हर मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।’

बता दें कि घर से 8 सिलेंडर भी पुलिस ने बाहर निकाले हैं। उनमें से 2 सिलेंडर में ब्लास्ट होने की संभावना है। कुछ दिनों पहले मांगलिक कार्य होने के चलते घर में सिलेंडर रखे हुए थे। मृतक विजय सेठिया का इंदौर में बीमारी का इलाज चल रहा था। वे बिहार से कैंसर के इलाज के लिए इंदौर आए थे। सभी विभागों की जांच में प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगना सामने आया है। घर के दरवाजे लॉक हो जाने की वजह से पुलिस को दरवाजे तोड़कर रेस्क्यू करना पड़ा था।

इंदौर में हुई भीषण अग्नि दुर्घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि दी। सीएम ने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। साथ ही, घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इंदौर के डीएम शिवम वर्मा के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है और रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। अब तक घर की 2 मंजिलों को पूरी तरह से खाली करवा लिया गया है, जबकि एक अन्य मंजिल की जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित कर सकें कि कहीं कोई व्यक्ति अंदर फंसा ना रह गया हो।

वहीं, इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने शुरुआती जांच के आधार पर कहा कि हादसे का कारण इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान हुआ ब्लास्ट हो सकता है। घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी, तभी चार्जिंग प्वाइंट में विस्फोट हुआ और आग तेजी से पूरे घर में फैल गई।

उन्होंने आगे कहा कि यह स्थिति और भी भयानक तब हो गई जब घर के अंदर रखे 10 से ज्यादा गैस सिलेंडर में से भी कुछ फट गए, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। साथ ही, घर में ज्वलनशील केमिकल भी रखे हुए थे, जिसने आग को भड़काने में मदद की।

आग की चपेट में आया ये मकान मनोज पुगालिया का बताया जा रहा है, जो पॉलिमर का बिजनेस करते थे। हादसे में 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है, जबकि 8 लोगों की जान चली गई। फिलहाल प्रशासन पूरे केस की गहराई से जांच कर रहा है और आग लगने की सटीक वजहों का पता लगा रहा है।

Related Articles

Back to top button