
नई दिल्ली। मेघालय के ईस्ट जयंतिया हिल्स जिले के एक गांव में स्थित एक अवैध कोयला खदान में भीषण धमाका हुआ है। इस दुर्घटना में 16 मजदूरों की मौत हुई है और कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। धमाका इतना तेज था कि खदान में काम कर रहे मजदूरों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि यह घटना थांगस्कू इलाके में हुई। उन्होंने बताया कि यह घटना आज सुबह हुई, लेकिन अंदर मौजूद लोगों की संख्या के बारे में सटीक जानकारी नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि मृतकों में सभी मजदूर असम के रहने वाले थे, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
शुरुआती तौर पर खदान में गैस रिसाव या तकनीकी खामी को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि, जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट कारण का पता चल पाएगा। शक है कि यह विस्फोट उस जगह पर कोयला खनन की गतिविधियों के दौरान हुआ, जिसे एक गैर-कानूनी काम माना जा रहा है। जब पूछा गया कि क्या खदान अवैध रूप से संचालित की जा रही थी, तो पुलिस अधिकारी ने कहा, ”हां, ऐसा ही लगता है।” उन्होंने कहा कि विस्फोट की वजह का पता अभी नहीं चला है, और इसकी जांच की जाएगी।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) ने 2014 में मेघालय में ‘रैट-होल’ कोयला खनन तथा खनन के दूसरे अवैज्ञानिक तरीकों पर प्रतिबंध लगा दिया था।




