
पटना। बिहार में लालू यादव अपनी पार्टी आरजेडी में अब बैकसीट पर चले गए हैं? क्या आरजेडी में लालू युग खत्म हो गया? ये सवाल इसलिए क्योंकि आरजेडी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष चुना है। इससे पहले बीते साल लालू यादव को आरजेडी का अध्यक्ष चुना गया था।
जानकारी के मुताबिक आरजेडी के महासचिव भोला यादव ने तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। तेजस्वी को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के इस प्रस्ताव को पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने एकमत से मान लिया। जिसके बाद लालू यादव ने इससे संबंधित पत्र अपने बेटे को सौंपा।
आरजेडी की इस अहम बैठक में लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी, बड़ी बेटी और सांसद मीसा भारती समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल हुए। खास बात ये कि बैठक में तेजस्वी यादव अपने करीबी संजय यादव के साथ पहुंचे। जबकि, संजय यादव को लेकर ही लालू की बेटी रोहिणी आचार्य और तेजस्वी के बीच जबरदस्त खटपट हुई थी।
रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया था कि लालू यादव के घर में उनसे बदसलूकी और चप्पल से पीटने की कोशिश हुई। रोहिणी आचार्य ने आरजेडी की बैठक से पहले रविवार सुबह ही एक्स पर पोस्ट कर बिना नाम लिए तेजस्वी यादव और संजय यादव पर निशाना साधा था।




