breaking news

दिल्ली: साक्षी हत्याकांड का आरोपी साहिल गिरफ्तार, पुलिस ने यूपी के बुलंदशहर से पकड़ा





नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शाहबाद डेरी थाना इलाके में एक युवक ने नाबालिग लड़की को चाकू से गोदने के बाद पत्थर से कुचलकर मार डाला। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। नाबालिग की हत्या का आरोप साहिल नाम के युवक पर लगा है।

नाबालिग लड़की को मौत के घाट उतारने वाले आरोपी साहिल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को बुलंदशहर से गिरफ्तार किया गया है। साहिल की गिरफ्तारी घटना के 18 घंटे बाद हुई है। अब कुछ ही देर के बाद पुलिस की तरफ से मामले में बयान जारी किया जाएगा। अभी तक पुलिस कुछ भी बताने से गुरेज कर रही थी। पुलिस ने मामले की जांच के लिए 6 टीमों का गठन भी किया है, जो कि अभी मामले की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की और साहिल दोनों रिलेशनशिप में थे। लेकिन इस बात की पुष्टि अभी तक पुलिस की तरफ से नहीं की गई है। नाबालिग लड़की जब अपनी सहेली नीतू के बेटे के जन्मदिन में शरीक होने जा रही थी। तभी साहिल ने जबरन उसे पकड़ा और उस पर एक या दो बार नहीं, बल्कि 40 बार चाकू से वार किया। इतना ही नहीं, जब चाकू से वार करने के बाद भी जब उसका मन नहीं भरा तो उसने सामने रखे पत्थर से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसका चेहरा क्षत-विक्षत हो गया।

वहीं इस मामले का राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी संज्ञान लिया है। घटना को लेकर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने भी वारदात को जघन्य बताया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि दिल्ली के शाहबाद डेरी में एक नाबालिग मासूम गुड़िया को चाकू गोद-गोदकर मारा गया और उसके बाद पत्थर से उसे कुचल दिया गया। दिल्ली में दरिंदों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस को नोटिस जारी कर रहे हैं। सब हदें पार हो गई हैं। मैंने अपने इतने सालों के करियर में इससे ज़्यादा भयानक कुछ नहीं देखा।

स्वाति मालीवाल ने ये भी कहा कि एक 16 साल की लड़की को 40-50 बार चाकू मारा गया और फिर पत्थर से कई बार वार किया गया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। यह सब सीसीटीवी में कैद हो गया है। कई लोगों ने इसे देखा लेकिन ध्यान नहीं दिया। दिल्ली महिलाओं और लड़कियों के लिए बेहद असुरक्षित हो गई है। मैं केंद्र सरकार से केंद्रीय एचएम, दिल्ली एलजी, डीसीडब्ल्यू प्रमुख और दिल्ली सीएम के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाने की अपील करती हूं।

Spread the love