breaking news

सदस्यता जाने पर बोले राहुल गांधी- हर कीमत चुकाने को तैयार हूं





नई दिल्ली। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को मानहानि केस में दो साल की सजा मिलने के साथ ही लोकसभा सचिवालय ने उनकी लोकसभा सदस्यता को रद्द कर दिया है। राहुल गांधी के राजनीतिक कैरियर के लिए ये एक बड़ा झटका है। राहुल गांधी वायनाड से सांसद रहे हैं और अब उनकी सदस्यता रद्द होने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराए जाएंगे।

इसे लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं। मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं। बता दें, कोर्ट ने धारा 504 के तहत राहुल गांधी को सजा सुनाई थी। हालांकि उन्हें सजा सुनाने के साथ ही 30 दिन की जमानत मिल गई। इस दौरान वह कोर्ट का रुख कर सकते हैं।

दरअसल, 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान कर्नाटक के कोलार की एक रैली में राहुल गांधी ने कहा था, कैसे सभी चोरों का उपनाम मोदी है? इसी को लेकर भाजपा विधायक और गुजरात के पूर्व मंत्री पूर्णेश मोदी ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि राहुल ने अपनी इस टिप्पणी से समूचे मोदी समुदाय की मानहानि की है। राहुल के खिलाफ आईपीसी की धारा 499 और 500 (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

Spread the love