breaking news

भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को शो के दौरान मारा पत्थर, पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा





नई दिल्ली। यूपी के बलिया में भोजपुरी सिंगर पवन सिंह के ऊपर पत्थर से हमला हुआ है। नगरा थाना क्षेत्र के मऊ बॉर्डर के निकासी गांव में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के ऊपर किसी ने पत्थर फेंककर मारा है। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। शो के दौरान भगदड़ भी मची, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भोजपुरी सिंगर पवन सिंह को बलिया के एक कार्यक्रम में देखा गया। जहां एक गाने की फरमाइश पर बवाल हो गया। बताया जा रहा है कि सिंगर से जाति विशेष का कोई गाना गाने की फरमाइश की गई थी लेकिन सिंगर ने गाना गाने से इनकार कर दिया और गुस्साए शख्स ने भीड़ से ही सिंगर को पत्थर दे मारा। पत्थर सीधा जाकर सिंगर के गाल और कान पर जाकर लगा।

पत्थर लगने के बाद भगदड़ मच गई और हल्का बल प्रयोग कर पुलिस ने भीड़ को खदेड़ा दिया।बताया ये भी जा रहा है कि जिस दौरान सिंगर पर स्टेज पर हमला हुआ तो वहां मौजूद बाउंसर भी मौके से भाग खड़े हुए। पत्थर लगने के बाद पवन सिंह ने खुद पत्थर को उठाया और माइक लेकर पूछा कि ये कौन महानुभाव है,जिसने ये हरकत की है। लाखों की संख्या में हमारे भाई-बहन जो हमसे प्यार करते हैं, वो आए हैं, ऐसे में ये कोई दुश्मन ही हो सकता है।

बता दें कि इससे पहले भोजपुरी सिंगर अक्षरा सिंह पर भी हमले की खबर आई थी।अक्षरा जौनपुर के बदलापुर महोत्सव में पहुंची थी जहां उन्हें लाइव परफॉर्म करना था। अक्षरा के साथ हर-हर शम्भू फेम अभिलिप्सा पांडा भी मौजूद थी। स्टेज पर एक्ट्रेस जान मारे लंहगा ई लखनऊआ गाना गा रही थी। तभी अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और प्रशासन भीड़ को काबू नहीं कर पाया। देखते ही देखते बवाल तेज हो गया और गुस्साए लोगों ने स्टेज पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।

Spread the love