Uncategorized

शिवसेना ने संजय राउत को बनाया मुख्य प्रवक्ता





मुंबई। अभिनेत्री कंगना रनौत से जारी जुबानी जंग के बीच शिवसेना में संजय राउत का कद बढ़ गया है। राज्यसभा सांसद संजय राउत अब शिवसेना के मुख्य प्रवक्ता बना दिये गए हैं। एक आधिकारिक सूचना जारी कर पार्टी ने शिवसेना ने यह जानकारी दी।

शिवसेना के मुखपत्र सामना के एग्जीक्यूटिव एडिटर और राज्यसभा सांसद संजय राउत सोशल मीडिया पर अपने बयानों के चलते काफी चर्चा में रहते हैं। इसके साथ ही वे टीवी पर भी जाना पहचाना चहरा हैं।संजय राउत की ओर से लिखे जाने वाले आर्टिकल, ट्वीट और बयान लगातार पार्टी के मुद्दों को आगे रखते हैं और विवाद का कारण भी बनते हैं।

बता दें कि इस समय संजय राउत और कंगना रनौत के बीच जुबानी जंग चर्चा में है। कंगना की ओर से मुंबई पुलिस की आलोचना करने के बाद संजय राउत ने उन पर पलटवार किया। इस दौरान अपशब्द का भी प्रयोग किया, जिसपर उनकी काफी आलोचना हुई। हालांकि, बाद में संजय राउत ने कहा कि उनका मतलब अपशब्द कहने का नहीं था। लेकिन दोनों में जुबानी जंग अब भी जारी है।

संजय राउत के अलावा शिवसेना ने अन्य कई नेताओं को प्रवक्ता बनाया है। इनमें लोकसभा सांसद अरविंद सावंत, धैर्यशील माने, राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री उदय सामंत, अनिल परब, गुलाबराव पाटिल, सुनील प्रभु, प्रताप सारनायक और किशोरी को प्रवक्ता नियुक्त किया गया है।

Share With